दिनांक : 17 अक्टूबर 2026
जिला : विदिशा
नवरात्रि, दशहरा एवं आगामी पर्वों की सुरक्षा को लेकर विदिशा पुलिस का पैदल फ्लैग मार्च, शहर में सुरक्षा व्यवस्था का दिया संदेश
पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में प्रमुख मार्गों से निकला फ्लैग मार्च, ड्रोन एवं सीसीटीवी से होगी निगरानी
त्योहारों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने विदिशा पुलिस सतर्क, असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर, ब्लैक कमांडो दस्ते सहित पुलिस बल रहा शामिल
विदिशा। नवरात्रि, दशहरा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को विदिशा पुलिस द्वारा शहर में पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी की उपस्थिति में आयोजित इस फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था भंग करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई का संदेश दिया गया।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा फ्लैग मार्च:
फ्लैग मार्च नीमताल से प्रारंभ होकर अस्पताल रोड, माधवगंज चौराहा, मेन मार्केट, निकासा, तिलक चौक, सराफा, बड़ा बाजार, लोहा बाजार, झूलन पीर एवं बजरिया सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामलीला पर संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत करने के साथ ही त्योहारों के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस बल की रही सहभागिता:
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह, उप पुलिस अधीक्षक महिला अपराध शाखा श्री सुरेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मासूम पटले, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक आनंद राज, थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक राजपाल सिंह जादौन, यातायात प्रभारी निरीक्षक आशीष राय, रक्षित निरीक्षक नीरज सिंह सिकरवार एवं पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक हिरदय कुशराम सहित पुलिस लाइन का बल एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ शामिल रहा। फ्लैग मार्च में ब्लैक कमांडो दस्ता भी सम्मिलित हुआ।
ड्रोन, सीसीटीवी एवं पेट्रोलिंग से सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी:
आगामी त्योहारों एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, निरंतर पेट्रोलिंग और निगरानी की व्यवस्था की गई है। ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। शोभायात्राओं एवं जुलूसों की वीडियोग्राफी, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा डीजे एवं लाउडस्पीकर के उपयोग पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अफवाहजनक सूचनाओं की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विदिशा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहारों के दौरान शांति भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विदिशा पुलिस की नागरिकों से अपील:
विदिशा पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि नवरात्रि, दशहरा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति, सद्भाव एवं अनुशासन बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और उसे आगे प्रसारित करने से बचें। संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।
आपातकालीन संपर्क:
डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम 9479999398 पर सूचना दें।
विदिशा पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.