पुलिस जन चौपाल
दिनांक – 01.10.2026
थाना कुंण्डा एवं थाना पंडरिया क्षेत्र के अलग-अलग गांव में पहुंची कबीरधाम पुलिस, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद।
पुलिस जन चौपाल में जानी गई ग्रामीणों की समस्याएं एवं स्थानीय आवश्यकताएं, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर दी गई आवश्यक जानकारी।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा स्थानीय स्तर की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह के दिशा निर्देश पर थाना कुंण्डा क्षेत्र के ग्राम खमरिया एवं थाना पंडरिया क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। संबंधित थाना पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर गांव की स्थिति, स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली गई। इस दौरान ग्रामीणों की बातों एवं सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा आवश्यक विषयों से संबंधित विभागों को अवगत कराने एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए पहल करने का आश्वासन दिया गया।
थाना कुंण्डा क्षेत्र के ग्राम खमरिया में आयोजित जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं एवं सुझावों के संबंध में चर्चा की गई। ग्रामीणों को गांव में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।
पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ, शराब, गांजा अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल 112 पर कॉल करने अथवा नजदीकी थाना/पुलिस चौकी को सूचना देने के संबंध में जानकारी दी गई।
थाना पंडरिया क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में आयोजित जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों से उनकी दैनिक समस्याओं एवं गांव की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। ग्रामीणों द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, गांव में आवारा मवेशियों की समस्या, एवं पेयजल संबंधित समस्या के बारे में अवगत कराया गया। पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभाग/अधिकारी के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्यवाही हेतु अवगत कराने का आश्वासन दिया गया।
जन चौपाल के दौरान ग्राम बाघामुड़ा के ग्रामीणों द्वारा गांव में शराब एवं जुआ संबंधी कोई विशेष समस्या नहीं होने की जानकारी भी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जानने तथा स्थानीय स्तर पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर आवश्यक जानकारी साझा करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए यह पहल लगातार जारी रहेगी।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.