ब्रेकिंग बचेली
लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
रिपोर्टर असीम पाल
दंतेवाड़ा
दो नोटिस के बाद अब तीसरी कार्रवाई की तैयारी
ट्रांसपोर्ट नगर में सीमेंट यार्ड पर विवाद, तीसरे नोटिस के बाद एक सप्ताह में कार्रवाई का दावा
बचेली दंतेवाड़ा । बचेली के ट्रांसपोर्ट नगर में करीब 30 लाख रुपये के ठेके से जुड़े निर्माण कार्य के दौरान बनाए जा रहे सीमेंट यार्ड को लेकर नगरपालिका की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है।
मामले में नगरपालिका की ओर से 25 मई को पहला और 14 अक्टूबर को दूसरा नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने को लेकर अब नगरपालिका प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा है।
मामले में मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) का कहना है कि तीसरा नोटिस जारी करने के बाद एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की जाएगी। वहीं नगरपालिका उपाध्यक्ष ने भी कार्रवाई को लेकर सीएमओ से बात किए जाने की जानकारी दी है। दूसरी ओर, विपक्षी वार्ड पार्षद का कहना है कि उनके वार्ड में इस तरह की गतिविधि होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने सीएमओ को इसकी सूचना दे दी थी।
तीनों पक्षों के बयानों के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब मामले की जानकारी नगरपालिका प्रशासन को पहले से थी और दो नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं, तो अब तक निर्माण हटाने की कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
अब तीसरे नोटिस के बाद एक सप्ताह की समय-सीमा की बात कही जा रही है। ऐसे में नगरपालिका प्रशासन के सामने चुनौती केवल नोटिस जारी करने की नहीं, बल्कि तय समय में कार्रवाई करके दिखाने की है। यदि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होती है, तो प्रशासन के दावों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
फिलहाल सीएमओ और नगरपालिका उपाध्यक्ष की ओर से कार्रवाई का भरोसा दिया गया है, जबकि विपक्षी पार्षद का कहना है कि उन्होंने समय रहते मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी थी। अब देखना होगा कि नगरपालिका का यह आश्वासन जमीनी कार्रवाई में बदलता है या मामला फिर कागजी प्रक्रिया तक सीमित रह जाता है।
दो नोटिस जारी होने के बाद अब तीसरे नोटिस की तैयारी है। एक सप्ताह में कार्रवाई का दावा किया गया है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट नगर के इस मामले में नगरपालिका की जवाबदेही अब उसके अगले कदम से तय होगी।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.