जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंद्रवंशी ने ली विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों की समीक्षा
बालोद, 10 अक्टूबर 2026/
विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु जनपद पंचायत गुण्डरदेही में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चन्द्रवंशी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद पंचायत गुण्डरदेही की समस्त 117 ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में सीईओ श्री चंद्रवंशी ने योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिन ग्राम पंचायतों में कार्य अप्रारंभ है उन्हें दो दिवस के भीतर कार्य प्रारंभ कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों पर विशेष जोर देते हुए शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण, सामुदायिक मुक्तिधाम शेड निर्माण तथा असफल बोरवेल में रिचार्ज शाफ्ट निर्माण के कार्यों को 20 जनवरी 2027 तक प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शासकीय विद्यालयों में किचन शेड व अतिरिक्त कक्ष निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भवन निर्माण, धरसा निर्माण, पंचायत भवन तथा आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में योजना के अंतर्गत पंजीकृत सभी कुशल, अकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया गया। ग्राम पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय से ई-केवाईसी की प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा शेष श्रमिकों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराएं। सीईओ श्री चंद्रवंशी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने, स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उपयोगी एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। समीक्षा बैठक में श्री हिमांशु साहू, श्री नितेश कुमार साहू, श्री ओमप्रकाश साहू, श्री प्रभात साहू, श्री घनश्याम सिन्हा, श्रीमती प्रतिज्ञा चन्द्राकर एवं समस्त तकनीकी सहायक एवं जनपद पंचायत के कार्यालयीन अधिकारी-कर्मचारी तथा सभी 117 ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.