पेंशनरों के लिए विशेष काउंटर की मांग
महासंघ ने कलेक्टर को लिखा पत्र,
बुजुर्गों को घर बैठे प्रमाण पत्र की सुविधा देने का आग्रह।
सी एन आइ न्यूज पुरुषोत्तम जोशी।
रायपुर- भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, जिला रायपुर ने जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में पेंशनरों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए जिले के सभी बैंकों में विशेष काउंटर की व्यवस्था करने की मांग की है।
महासंघ ने कलेक्टर रायपुर से इस संबंध में बैंकों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
महासंघ के जिला अध्यक्ष आर.जी. बोहरे एवं सचिव ओ.डी. शर्मा ने बताया कि 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पेंशनरों को 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा 80 वर्ष से कम आयु के पेंशनरों को 1 से 30 नवंबर 2026 तक जीवन प्रमाण पत्र जमा करना है। इस दौरान विशेष काउंटर की व्यवस्था होने से बुजुर्ग पेंशनरों को लंबी कतारों और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
महासंघ ने पिछले वर्ष का अनुभव साझा करते हुए बताया कि कुछ पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के बावजूद नवंबर 2025 की पेंशन नहीं मिल पाई थी। महासंघ के आग्रह पर कलेक्टर रायपुर ने रेडक्रॉस भवन में विशेष शिविर आयोजित कर लंबित पेंशन भुगतान की समस्या के समाधान में सहयोग किया था। महासंघ ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
महासंघ के प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी ने आग्रह किया है कि ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी बैंकों में निर्धारित अवधि तक विशेष काउंटर संचालित किए जाएं। साथ ही, 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के तथा शारीरिक रूप से अशक्त पेंशनरों, जो बैंक जाने में असमर्थ हैं, के लिए घर पर अथवा उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
महासंघ ने जिला प्रशासन से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के कारण किसी भी पेंशनर की पेंशन का भुगतान प्रभावित न हो।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.