अड़बंधा तालाब के अस्तित्व पर संकट
जलाशय के भीतर ही नगर पंचायत भटगांव करा रही व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण,
जल संसाधन विभाग के रोक लगाने के आदेश की भी अनदेखी
जलाशय का बंध पूरी तरह समाप्त होने का विभागीय निरीक्षण में खुलासा, निर्माण तत्काल बंद कराने के निर्देश के बावजूद काम जारी रहने का आरोप; सीएमओ की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल, कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग
भटगांव। नगर पंचायत भटगांव में विकास कार्यों के नाम पर नियमों को ताक पर रखे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। नगर के अड़़बंधा तालाब (भटगांव जलाशय) के भीतर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराए जाने को लेकर अब विवाद गहराने लगा है।
हैरानी की बात यह है कि जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर निर्माण को जलाशय के दायरे में पाया और इस संबंध में नगर पंचायत को तत्काल निर्माण बंद कराने के निर्देश भी दिए, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप लगाया जा रहा है।
प्राप्त शासकीय दस्तावेजों के अनुसार, जल संसाधन उपसंभाग भटगांव के अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंता ने 15 जून 2026 को अड़़बंधा तालाब का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में पाया गया कि नगर पंचायत द्वारा व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी नींव जलाशय के अंदर खोदी गई है। इतना ही नहीं, विभागीय निरीक्षण में जलाशय का पार (बंध) पूरी तरह समाप्त होना तथा निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स का क्षेत्र जलाशय के दायरे में शामिल होना भी दर्ज किया गया।
इसके बाद 17 जून 2026 को ज्ञापन क्रमांक 167 के माध्यम से कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन निर्माण संभाग कसडोल को मामले से अवगत कराया गया। वहीं, कार्यपालन अभियंता कार्यालय ने 25 जून 2026 को पत्र जारी कर मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत भटगांव को जलाशय में किए जा रहे निर्माण को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए।
इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत भटगांव के आवेदकों ने कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायत में निर्माण कार्य की जांच कराने, कॉम्प्लेक्स का आवंटन निरस्त करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले में भ्रष्टाचार की आशंका भी जताई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जल संसाधन विभाग ने स्वयं निरीक्षण कर निर्माण को जलाशय के भीतर होना दर्ज किया और निर्माण बंद कराने के लिए लिखित निर्देश जारी किए, तो फिर नगर पंचायत स्तर पर उन निर्देशों का पालन क्यों नहीं हुआ? क्या संबंधित अधिकारियों को विभागीय आदेशों की परवाह नहीं है? क्या जलाशय की जमीन पर निर्माण कराने से पहले आवश्यक अनुमति और तकनीकी स्वीकृति ली गई थी?
फिलहाल इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी की भूमिका और निर्माण कार्य की वैधानिकता जांच का विषय है। अब देखना होगा कि कलेक्टर इस गंभीर मामले में क्या संज्ञान लेते हैं और अड़़बंधा तालाब के अस्तित्व को बचाने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.