भाजपा के सक्रिय नेताओं में नरेश देवांगन की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज, संगठनात्मक अनुभव,
राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क के दम पर अध्यक्ष पद की दौड़ में मजबूत दावेदार के रूप में उभरता नाम
बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ में अध्यक्ष पद के संभावित चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनावी तारीखों का ऐलान भले ही अभी नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस के भीतर संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
इसी बीच भाजपा के सक्रिय नेता एवं वर्तमान पार्षद नरेश देवांगन का नाम अध्यक्ष पद के संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में आने से नगर की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है।
नरेश देवांगन नगर की राजनीति में कोई नया चेहरा नहीं हैं। वे प्रथम नगर पंचायत अध्यक्ष पूर्णिमा देवांगन के प्रतिनिधि के रूप में पूरे कार्यकाल में सक्रिय रहे हैं। इसके अलावा एक बार नगर पंचायत उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं तथा दो बार पार्षद निर्वाचित हो चुके हैं। वर्तमान में वे वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद हैं। स्थानीय स्तर पर लोगों से निरंतर संपर्क, सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता उनकी राजनीतिक पहचान मानी जाती है। ऐसे में भाजपा के भीतर उनकी संभावित दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज होना स्वाभाविक है।
जनसंपर्क और संगठनात्मक पकड़ होगी चुनावी ताकत
नगर पंचायत में पिछले कुछ समय से जारी राजनीतिक खींचतान, प्रशासनिक अस्थिरता और विकास कार्यों को लेकर उठते सवाल आगामी चुनाव में अहम मुद्दे बन सकते हैं। ऐसे में भाजपा के सामने संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए मजबूत जनाधार वाले चेहरे को आगे लाने की चुनौती होगी। नरेश देवांगन की राजनीतिक पृष्ठभूमि, नगर पंचायत में पूर्व अनुभव और स्थानीय लोगों के बीच सक्रियता को देखते हुए उनकी दावेदारी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
फिलहाल भाजपा और कांग्रेस दोनों की ओर से किसी भी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन बिलाईगढ़ की राजनीति में नरेश देवांगन का नाम चर्चा के केंद्र में आना यह संकेत दे रहा है कि आगामी अध्यक्ष चुनाव में भाजपा के भीतर प्रत्याशी चयन का मुकाबला भी दिलचस्प रहने वाला है। अब निगाहें पार्टी संगठन के निर्णय पर टिकी हैं कि भाजपा किस चेहरे पर भरोसा जताकर अध्यक्ष पद के चुनावी मैदान में उतरती है।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.