ब्रेकिंग दंतेवाड़ा
लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
संवाददाता. असीम पाल ब्यूरो
दंतेवाड़ा
दंतेवाड़ा जिले मे तीन साल बाद भी अधूरा पड़ा आंगनबाड़ी भवन, किराए की झोपड़ी में पढ़ने को मजबूर नौनिहाल
लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद नड़ेनार पंडरूपारा के बच्चों को नहीं मिली अपने भवन की सुविधा, अधूरे भवन को ठेकेदार ने बनाया गोदाम
तुलिका कर्मा ने अधिकारियों की लापरवाही पर जताई नाराजगी, तत्काल निर्माण पूरा कराने की मांग
दंतेवाड़ा। जिले के कटेकल्याण ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नड़ेनार के पंडरूपारा में आंगनबाड़ी भवन की बदहाल स्थिति सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत बयां कर रही है।
करीब तीन वर्ष पहले स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। इसके चलते गांव के नौनिहाल बच्चों को अपने आंगनबाड़ी भवन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। वर्तमान में केंद्र का संचालन किराए के एक झोपड़ीनुमा कमरे में किया जा रहा है,
जहां बच्चों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई और अन्य गतिविधियां करनी पड़ रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि लाखों रुपये की लागत से बनने वाला भवन तीन साल बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे भी गंभीर स्थिति यह है कि अधूरे पड़े इस भवन का उपयोग एक अन्य ठेकेदार द्वारा सीमेंट, सरिया और अन्य निर्माण सामग्री रखने के लिए गोदाम के रूप में किया जा रहा है। जिस भवन का निर्माण छोटे बच्चों के पोषण, शिक्षा और सुरक्षित वातावरण के लिए किया जाना था, वह आज निर्माण सामग्री रखने का ठिकाना बनकर रह गया है।
झोपड़ी में चल रहा आंगनबाड़ी केंद्र, सुविधाओं का अभाव
आंगनबाड़ी केंद्र छोटे बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। यहां बच्चों को पोषण आहार, खेलकूद और सीखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और माताओं को भी शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाता है। लेकिन पंडरूपारा में इन व्यवस्थाओं की स्थिति संतोषजनक नजर नहीं आ रही है।
किराए के झोपड़ीनुमा कमरे में संचालित केंद्र में बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध नहीं है। बिजली और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव बताया जा रहा है। बरसात और गर्मी के मौसम में ऐसे अस्थायी स्थान पर बच्चों को बैठाना और केंद्र का संचालन करना किसी चुनौती से कम नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भवन निर्माण के लिए शासन द्वारा राशि स्वीकृत की गई थी, तो तीन साल बाद भी बच्चों को अपने भवन से वंचित क्यों रहना पड़ रहा है?
अधूरे भवन में निर्माण सामग्री का कब्जा
आंगनबाड़ी भवन की बदहाली के बीच एक और गंभीर स्थिति सामने आई है। अधूरे पड़े भवन के अंदर दूसरे ठेकेदार द्वारा सीमेंट, सरिया सहित अन्य निर्माण सामग्री रखी जा रही है। इससे भवन का उपयोग बच्चों के लिए किए जाने के बजाय गोदाम के रूप में हो रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य की प्रगति, जिम्मेदारी और विभागीय निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर किसकी जिम्मेदारी थी कि भवन का निर्माण समय पर पूरा कराया जाए और अब तक इस दिशा में कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
तुलिका कर्मा ने अधिकारियों की लापरवाही पर जताई नाराजगी
क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तुलिका कर्मा ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चों के पोषण और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं में ऐसी लापरवाही दुर्भाग्यपूर्ण है। तीन साल बाद भी भवन अधूरा रहना जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि तत्काल निर्माण पूरा कराकर आंगनबाड़ी का संचालन नए भवन में शुरू कराया जाए, ताकि बच्चों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.