बिलाईगढ़ महाविद्यालय में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं उपलब्धियों पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय बिलाईगढ़ में समाजशास्त्र विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एन एस एस) के संयुक्त तत्वावधान में 'जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं उपलब्धियां’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमाकांत मिश्र ने की। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में श्री जय सिंह नाग तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री बाबूलाल ठाकुर उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय लोचन प्रसाद पांडे स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ के सहायक प्राध्यापक (अर्थशास्त्र) श्री श्यामाचरण नेताम एवं सहायक प्राध्यापक (हिंदी) श्री डी.पी.एम. पैकरा ने व्याख्यान दिया। दोनों मुख्य वक्ताओं ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महान जनजातीय नायकों के योगदान, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय समाज की उपलब्धियों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महापुरुषों की भूमिका, उनके संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया। साथ ही जनजातीय समाज की विशिष्ट जीवनशैली, प्रकृति के साथ उनका पारंपरिक संबंध तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता पर भी विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमाकांत मिश्र ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक योगदान को समझने और उसकी गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र के सहायक प्राध्यापक श्री तुलेश्वर सिंह ध्रुव ने किया तथा हिंदी की सहायक प्राध्यापक सुश्री सुनिता विक्रम कोशले ने आभार प्रदर्शन किया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.