मानव अधिकारों की रक्षा के लिए अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना आवश्यक : बीके स्वाति दीदी
भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के 25वें राष्ट्रीय अधिवेशन में ब्रह्माकुमारी स्वाति दीदी ने दिया आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों का संदेश
बिलासपुर, 25 नवम्बर 2026। भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अधिवेशन की रजत जयंती में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बिलासपुर की मुख्य शाखा राजयोग भवन, टेलीफोन एक्सचेंज रोड की संचालिका बीके स्वाति दीदी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
लखीराम ऑडिटोरियम सभागार में आयोजित इस गरिमामय अधिवेशन में उन्होंने मानव अधिकारों के विषय पर आध्यात्मिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए कहा कि मानव अधिकारों की वास्तविक रक्षा तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक हो।
बीके स्वाति दीदी ने कहा कि जब हम मानव अधिकारों की बात करते हैं तो सामान्यतः हमारे सामने कानून, संविधान और न्यायालय की तस्वीर आती है। निःसंदेह मानव अधिकारों की रक्षा के लिए ये सभी महत्वपूर्ण आधार हैं, लेकिन अध्यात्म हमें एक और महत्वपूर्ण बात सिखाता है कि अधिकारों के साथ हमारे कर्तव्य क्या हैं। जब व्यक्ति के अंदर अपने कर्तव्यों के प्रति जागृति आ जाती है, तब वह कभी किसी दूसरे के अधिकारों का हनन नहीं करता। इसलिए मानव अधिकारों की स्थापना केवल कानूनों से नहीं, बल्कि मनुष्य के विचारों, संस्कारों और चरित्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने से भी संभव है।
उन्होंने भारतीय संस्कृति की महानता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी संस्कृति सदियों से 'वसुधैव कुटुम्बकम्' अर्थात संपूर्ण विश्व एक परिवार है तथा 'सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः' अर्थात सभी सुखी हों, सभी निरोगी हों, की भावना का संदेश देती आई है। हमारी संस्कृति में कभी किसी को छोटा-बड़ा, ऊंच-नीच या भेदभाव की दृष्टि से देखने की शिक्षा नहीं दी गई। आध्यात्मिक दृष्टि से प्रत्येक मनुष्य एक आत्मा है और सभी आत्माएं परमपिता परमात्मा की संतान हैं। इस दृष्टि से हम सभी समान हैं।
बीके स्वाति दीदी ने कहा कि अनादि काल से मनुष्य को प्रकृति और परमात्मा द्वारा अनेक अधिकार प्राप्त हैं, लेकिन समय के साथ हमारे संस्कारों में परिवर्तन आया है। स्वार्थ, अहंकार, क्रोध, लोभ और अन्य विकारों के प्रभाव में आकर मनुष्य का चरित्र कमजोर होता गया और उसने अपने स्वार्थ के लिए दूसरों के अधिकारों का हनन करना शुरू कर दिया। आज आवश्यकता केवल अधिकारों की मांग करने की नहीं, बल्कि उन आध्यात्मिक मूल्यों को पुनः जीवन में धारण करने की है, जिनसे मानवता और आपसी सम्मान की भावना मजबूत होती है।
समानता के अधिकार पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी एक परमपिता परमात्मा की संतान हैं। आत्मिक दृष्टि से न कोई ऊंचा है, न कोई नीचा। जाति, धर्म, रंग, भाषा और सामाजिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव करना हमारी आध्यात्मिक संस्कृति के विपरीत है। जब हम प्रत्येक व्यक्ति में आत्मिक स्वरूप को देखना सीख जाते हैं, तब हमारे व्यवहार में सम्मान, प्रेम और समानता स्वतः आने लगती है।
स्वतंत्रता के अधिकार की आध्यात्मिक व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि वास्तविक स्वतंत्रता केवल बाहरी बंधनों से मुक्त होना नहीं है, बल्कि स्वयं को मन के विकारों और नकारात्मक प्रवृत्तियों से स्वतंत्र करना भी है। जो आत्मा क्रोध, ईर्ष्या, द्वेष, लोभ और अहंकार के वशीभूत है, वह वास्तविक अर्थों में स्वतंत्र नहीं हो सकती। जब व्यक्ति अपने मन और बुद्धि का स्वामी बन जाता है, तभी वह सच्ची स्वतंत्रता का अनुभव कर सकता है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संबंध में उन्होंने कहा कि बोलने की आजादी का अर्थ यह नहीं है कि हम किसी के प्रति कुछ भी बोलें। हमारे शब्दों में मर्यादा, मधुरता और सम्मान होना चाहिए। हमारी वाणी किसी के मन को ठेस पहुंचाने वाली नहीं, बल्कि उसे सम्मान और सकारात्मकता देने वाली होनी चाहिए। शब्दों में बहुत शक्ति होती है। एक सकारात्मक वाक्य किसी के जीवन में आशा जगा सकता है, वहीं कटु वचन किसी के हृदय को आहत कर सकते हैं। इसलिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ अभिव्यक्ति की जिम्मेदारी भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने विचारों को श्रेष्ठ बनाए, अपने व्यवहार में मर्यादा रखे और दूसरों के सम्मान को अपने सम्मान के समान समझे तो समाज में अनेक समस्याएं स्वतः समाप्त हो सकती हैं। जब व्यक्ति स्वयं शांत होगा, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र में शांति की स्थापना में योगदान दे सकेगा।
कार्यक्रम के अध्यक्ष भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भ्राता अनुराग सूर्यवंशी जी ने बीके स्वाति दीदी जी एवं बीके संतोषी दीदी जी को शॉल तथा बैच देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के जेल अधीक्षक भ्राता डी.के. सारस जी उपस्थित रहे। लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित इस 25 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से आये भिन्न-भिन्न क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
ईश्वरीय सेवा में,
बीके स्वाति
राजयोग भवन, बिलासपुर



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.