सीएम साय ने किया साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का लोकार्पण
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन विष्णुदेव साय द्वारा आज महिला थाना सेक्टर-06 भिलाई के समीप लगभग पैंतीस लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन , दुर्ग के भवन का विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया गया। लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री द्वारा नवीन भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश अंकित किया तथा रोजनामचा में भी कार्यक्रम की प्रविष्टि की। नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के अंतर्गत आने वाले तीन जिलों दुर्ग , बालोद एवं बेमेतरा तक विस्तारित है। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी , डिजिटल अरेस्ट , सोशल मीडिया अपराध एवं अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही , डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण तथा जटिल साइबर अपराधों की विवेचना की जायेगी। इसके साथ ही साइबर अपराध पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।
संकल्प अभियान – नशा मुक्ति का भी किया शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान सीएम साय द्वारा दुर्ग पुलिस के नशामुक्ति अभियान ‘संकल्प अभियान’ का पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ किया गया। नशे की समस्या का प्रभाव केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है , बल्कि यह परिवार , समाज एवं युवा पीढ़ी के भविष्य को भी प्रभावित करती है। इस समस्या के समाधान के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा तीन स्तरीय कार्ययोजना तैयार की गई है। जिसमें जागरूकता एवं रोकथाम के अंतर्गत गांव , वार्ड , शिक्षण संस्थानों एवं परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर जनजागरूकता बढ़ाना , प्रभावी पुलिस कार्यवाही के तहत मादक पदार्थों एवं नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करना और उपचार एवं पुनर्वास के तहत नशे की गिरफ्त में आये व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ना है। इस अभियान में जिला प्रशासन , शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग , सामाजिक संस्थाओं , जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी , ताकि नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके। दुर्ग पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर अपराध एवं नशे से संबंधित सहायता तथा सूचना के लिये निम्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। जिसमें मानस हेल्पलाइन 1933 और एएनटीएफ. दुर्ग हेल्पलाइन 94791-5151 है। नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के संचालन एवं नशामुक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से दुर्ग पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम , तकनीकी विवेचना , पीड़ितों को सहायता तथा सामाजिक जागरूकता की दिशा में समन्वित प्रयास किये जा रहे हैं। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव , स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव , कमिश्नर सत्यनारायण राठौर सहित पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य दुर्ग रेंज , जिला दंडाधिकारी दुर्ग , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल एवं अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी , जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक ना करें , ओटीपी , बैंक संबंधी जानकारी एवं गोपनीय विवरण किसी से साझा ना करें तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। साथ ही नशे के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी पुलिस को दें तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभायें। नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास के लिये प्रेरित करें।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.