नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कौशल विकास राष्ट्रीय आवश्यकता है और आत्मानिर्भर भारत के लिए एक प्रमुख आधार है।विश्व युवा कौशल दिवस और स्किल इंडिया मिशन की छठी वर्षगांठ के अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जब समाज युवाओं के कौशल पर ध्यान केंद्रित करता है तो इसका लाभ पूरे देश को मिलता है। प्रधानमंत्री ने पिछले छह वर्षों में बने नये संस्थानों को सशक्त बनाकर स्किल इंडिया मिशन को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार अगली पीढ़ी के कौशल, रिस्किलिंग और अप-स्किलिंग पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया को स्मार्ट और कुशल मानव-शक्ति उपलब्ध कराने के लिए युवाओं का कौशल विकास रणनीति का प्रमुख आधार होना चाहिए।
श्री मोदी ने कहा कि कुशल कार्यकर्ताओं ने ही देश को कोविड से लड़ने में मदद की और इसकी चुनौतियों ने विश्व युवा कौशल दिवस के महत्व को बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सीखना केवल पैसे कमाने तक ही सीमित नहीं होना चाहिए और समय-समय पर लोगों को अपने कौशल को विकसित करते रहना चाहिए।
श्री मोदी ने कहा कि डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर ने कमजोर वर्ग के युवाओं को कुशल बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया था और कुशल भारत के माध्यम से आज देश उनके सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहा है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.