अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
प्रयागराज - ऋग्वेदीय पूर्वाम्नाय श्रीगोवर्द्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर अनन्तश्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्यपाद स्वामी श्रीनिश्चलानन्द सरस्वती जी महाराज राष्ट्र रक्षा अभियान के अंतर्गत जगन्नाथपुरी से प्रयागराज में झूंसी स्थित शिवगंगा आश्रम पहुँचे। आश्रम पहुंचने पर वेद मंत्रों के उच्चारण से उनका भव्य स्वागत किया गया। अपने हिन्दू राष्ट्र निर्माण अभियान में पुरी शंकराचार्यजी युवा शक्ति को आदित्यवाहिनी से जोड़कर उनकी ऊर्जा का सदुपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहते हैं , साथ ही यह युवाओं के लौकिक एवं पारलौकिक उत्कर्ष में भी हितप्रद होगा। प्रयागराज में महाराजश्री का प्रवास 18 नवंबर तक रहेगा। आगामी प्रवास कार्यक्रम में वे 19 नवंबर से 23 नवंबर तक श्रीधाम अयोध्या, 24 एवं 25 नवंबर को मुरादाबाद उत्तरप्रदेश , 26 से 28 नवंबर हल्द्वानी एवं नैनीताल उत्तराखंड , 29 एवं 30 नवंबर रुद्रपुर , 01 दिसंबर से 03 दिसंबर तक देहरादून एवं मसूरी उत्तराखंड में प्रवास रहेगा। राष्ट्र रक्षा अभियान प्रवास कार्यक्रम के प्रातःकालीन सत्र में पुरी शंकराचार्यजी उपस्थित श्रद्धालु भक्तों के धर्म , राष्ट्र , अध्यात्म और ईश्वर से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान करते हैं वहीं सायंकालीन सत्र में आध्यात्मिक प्रवचन एवं संदेश के तहत सनातन धर्म एवं वेदादि शास्त्रों में सन्निहित सर्वकालिक सर्वहितप्रद ज्ञान विज्ञान तथा सिद्धान्तों को अपनाने की महत्ता प्रतिपादित करते हैं। अखिल भारतीय धर्मसंघ , पीठपरिषद् , आदित्यवाहिनी -आनन्दवाहिनी संगठन ने सभी सनातनी धर्मावलंबी भक्तों से अपील की है कि अपने अपने क्षेत्रों में उपरोक्तानुसार कार्यक्रमों में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुये उपस्थित रहकर हिन्दू राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें l

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.