नोडल अधिकारियों की बैठक में चुनाव तैयारियों की हुई समीक्षा
प्रेक्षक श्री चौकसे भी रहे मौजूद
बालाघाट।प्रथम चरण में 06 जनवरी 2022 को विकासखंड बैहर, परसवाड़ा, वारासिवनी एवं खैरलांजी एवं द्वितीय चरण में 28 जनवरी 2022 को विकासखंड लांजी, किरनापुर एवं कटंगी के ग्रामों में होने वाले त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जिले में सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज 21 दिसंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सभी नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। बैठक में चुनाव प्रेक्षक श्री रविन्द्र चौकसे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवगोविंद मरकाम एवं सभी नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
चुनाव प्रेक्षक श्री चौकसे ने बैठक में नोडल अधिकारियों से कहा कि वे उन्हें सौंपे गये चुनाव संबंधी कार्य पूरी जिम्मेदारी से करें। जिससे जिले में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराया जा सके। मतदान में सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें इसके लिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाये। जिन क्षेत्रों में पहले के चुनाव में कम मतदान वहां पर मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए अधिक ध्यान दिया जाये। सभी अधिकारी चुनाव आचार संहित का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करायें। चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न हो सके इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये जायें। सभी अधिकारी अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर लें।
बैठक में बताया गया कि जिले में व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और इसके लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आजीविका मिशन की महिलाओं द्वारा ग्राम स्तर पर रैली, संगोष्ठी का आयोजन कर मतदान करने का संकल्प दिलाया जा रहा है। मनरेगा के कार्यों में लगे जाबकार्ड धारकों से सम्पर्क कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही दीवार लेखन का कार्य कर मतदाताओं को मतदान करने का संदेश दिया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण के 06 जनवरी 2022 के मतदान के लिए ईव्हीएम का प्रथम रेंडमाईजेशन कर लिया गया है। प्रथम चरण में मतदान दलों को मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने एवं वापस लाने के लिए 164 वाहनों की जरूरत एवं 60 छोटे वाहनों की जरूरत है। 04 जनवरी को वाहन संबंधित विकासखंड के रिटर्निंग आफिसर को उपलब्ध करा दिये जायेंगें।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.