24 जन सेवा केंद्र भवन के लिए 96 लाख स्वीकृत जनता जनार्दन को मिलेगा सीधा लाभ: रेखा बिसेन
(शिवशंकर पाण्डेय जिला ब्यूरो)
बालाघाट।संचालनालय पंचायत राज मध्यप्रदेश शासन भोपाल द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजनांतर्गत कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या जन सेवा केंद्र को पंचायत कार्यालय भवन में स्थानांतरित किये जाने हेतु 4 लाख प्रति इकाई के मान से स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसके तहत जिले में कुल 24 केन्द्र 96 लाख की लागत से मंजूर हुए हैं। जिसकी प्रथम किस्त 2 लाख के हिसाब से 48 लाख संबंधित निर्माण एजेंसी को आवंटित किए गए है। आशय की जानकारी देते हुए जिला पंचायत प्रधान श्रीमती रेखा बिसेन ने बताया कि जनसेवा केंद्रों के भवन के लिए हमारे द्वारा अथक प्रयास किए जा रहे थे, जो अब केंद्र और प्रदेश सरकार के महत्वकांक्षी निर्णय से सार्थक हुए। जिसका सीधा लाभ जिले की जनता जनार्दन को मिलेगा।
जिला पंचायत प्रधान ने जताया प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार
यह बहुयामी सौगात देने के लिए जिला पंचायत प्रधान श्रीमती रेखा बिसेन ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जिले वासियों की ओर से हृदय से आभार ज्ञापित किया है। उल्लेखनीय रहे जन सेवा केंद्र पर आम लोगों की जरूरत के हिसाब से विभिन्न प्रकार के दस्तावेज बनाये जाते हैं। यहां बिल पेमेंट और अन्य विभिन्न प्रकार के सरकारी कार्य भी किये जाते हैं। इन सर्विस में ऑनलाइन कोर्स, सीएससी बाजार, कृषि सेवाएं, ई कॉमर्स सेल, रेल, एयर और बस टिकट बुक कराना, मोबाइल और डीटीएच रिचार्ज करवा आदि जन सुविधाएं शामिल हैं।
इन गांवों में होंगे निर्मित
इसी कड़ी में श्रीमती बिसेन ने कहा कि, जिले के विकासखण्ड खैरलांजी अंतर्गत ग्राम सतोना, कुम्हली, सिवनघाट, विकासखण्ड लांजी ग्राम कारंजा, टेडवा, बिंझलगांव, बैहर अंतर्गत ग्राम आमगांव, बम्हनी, बालाघाट ग्राम भण्डेरी, भोंडवा, बुढियागांव, चांगोटोला, बिरसा दमोह, देवगांव, डोंगरिया, कटंगी ग्राम आंजनबिहरी, चाकाहेटी, गोरेघाट, लालबर्रा अमोली, बड़गांव, बांदरी एवं वारासिवनी अंतर्गत एकोड़ी, आलेझरी व अंसेरा स्वीकृत जन सुविधा केंद्र निर्मित होंगे। आगे और अधिक गांवों में यह केंद्र और भवन स्वीकृत करवाये जाने के प्रयास निरंतर किए जाएंगे। जिससे इन केंद्रों के आसपास के उनको अपने जरूरी कार्य के लिए शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। बल्कि शहर का काम गांव में ही निपट जाएंगा। वही जिला पंचायत प्रधान श्रीमती रेखा बिसेन ने निर्माण एजेंसियों से जन सुविधा केंद्र के भवन का जल्द, गुणवत्तापूर्ण निर्माण किए जाने की बात कही है।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.