खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 14 हजार रुपये की आउटडेटेड खाद्य सामग्री नष्ट करायी
(शिवशंकर पाण्डेय जिला ब्यूरो)
बालाघाट।जिले में आम जन को मिलावट रहित एवं शुद्ध सामग्री उपलब्ध हो सके इसके लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले एवं तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों की सतत जांच की जा रही है। इसी कड़ी में 02 मार्च को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नगरीय क्षेत्र बालाघाट, बीजाटोला-परसवाड़ा एवं डोरा की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण कर 14 हजार रुपये की आउटडेटेड हो चुकी खाद्य सामग्री को नष्ट कराया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री योगेश डोंगरे, श्री वाजिद मोहिब एवं श्रीमती संध्या मार्को की टीम द्वारा 02 मार्च को बालाघाट शहर में मेन रोड स्थित चाय का जायका एवं अमृत चाय पर छापामार कार्रवाई करते हुए जिंदगी फ्लेवर चाय, नरेंद्र डेरी दूध, चाय मसाला एवं दिनशा डेरी मिल्क के नमूने जांच के लिए एकत्र किये गये। विदित हो कि नगर में विभिन्न फ्लेवर चाय की दुकानों की संख्या बहुत अधिक हो गई है । इस संदर्भ में विभाग द्वारा दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस की जांच की गई जिसमें चाय का जायका का लाइसेंस एक्सपायर्ड पाया गया । जिस पर विभाग द्वारा कार्यवाही की जा रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम बीजाटोला-परसवाड़ा एवं डोरा की बजरंग किराना, मां अंबिका स्टोर्स एवं ओम किराना से काबुली चना, साबूदाना, मूंगफली, मैदा, तुवर दाल, मूंग दाल आदि के आधा दर्जन नमूने जांच के लिए एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गये है। इस दौरान लगभग 14 हजार रुपये मूल्य की आउटडेटेड खाद्य सामग्री, मसाले, बिस्किट, सूजी, मैदा आदि का नष्टीकरण कराया गया है।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.