डोंगरगढ़ को रायपुर मंडल में शामिल करने की गई मांग
महेंद्र शर्मा बंटी छ्त्तीसगढ़ रिपोटर-डोंगरगढ़ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक के आगमन पर ब्लॉक शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजीव गोमास्ता और पूर्व नपाध्यक्ष धीरज मेश्राम के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल द्वारा ज्ञापन सौंपकर छत्तीसगढ़ राज्य सीमा तक स्थित रेल क्षेत्र को नागपुर मंडल से हटाकर रायपुर मंडल में शामिल करने हेतु मांग किया गया। ज्ञापन में ब्लाक शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा कहा गया कि डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन नागपुर से 200 किलोमीटर और रायपुर से 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। समस्त रेल संबंधी कार्यों हेतु नागपुर मंडल पर निर्भर होने के कारण समस्त कार्यालयीन कार्यो के लिए अतिरिक्त समय और राशि व्यय करना पड़ता है। साथ ही नागपुर रेल मंडल द्वारा निरंतर किए जा रहे भेदभाव के कारण डोंगरगढ़ से रेल पार्सल, लोको पायलट एवं गार्ड लाबी, कैरेज एवं वैगन शेड, वाशिंग साइड ट्रेन लाइटिंग एवं चल मरम्मत डिपो सहित विभिन्न विभागों को धीरे-धीरे समाप्त कर नागपुर मंडल के अन्य स्टेशनों में स्थानांतरित किया जा रहा है। जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन भेदभाव का शिकार हो रहा है। और उसे लगातार नागपुर मंडल के उच्चाधिकारियों द्वारा उपेक्षित किया जा रहा है। यदि डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन को रायपुर मंडल में शामिल किया जाता है तो कार्यालयीन कार्यों के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी और व्यय भी कम होगा। साथ ही डोंगरगढ़ में रेल सुविधाओं का विस्तार भी संभव हो पाएगा। जहां एक ओर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा डोंगरगढ़ को प्रसाद योजना में शामिल कर पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर नागपुर मंडल द्वारा डोंगरगढ़ में लगातार रेल सुविधाओं में कटौती करना समझ से परे है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.