हथबंद क्षेत्र में होली पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की सहभागिता
आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाए जाने को लेकर थाना परिसर हथबंद में शांति समिति की व्यापक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, कोटवारों तथा आसपास के मुख्य एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार अनुराग भट्ट ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी गोकुल प्रसाद पटेल, सावनी मानिक राम बंजारे, हरिप सोना, प्रधान आरक्षक संतोष वर्मा, अगस्त जीत ध्रुव, संतोष टंडन सहित समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
बैठक में जनपद सभापति अंजू बबलू पटेल, भाजपा मंडल महामंत्री ईश्वरी मरखंडे, पूर्व जनपद अध्यक्ष सिमगा मोहन धीकडे, सद्भावना मंच अध्यक्ष मुबारक हुसैन ,सरपंच हथबंद ढालेश्वरी नरेश अनंत, सरपंच धोधा विश्वनाथ साहू, भैंसा सरपंच हरीश वैष्णव, दुलेंद्र साहू सहित क्षेत्र के कोटवारगण एवं गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
तहसीलदार अनुराग भट्ट ने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सभी लोग आपसी सहयोग से इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। थाना प्रभारी गोकुल प्रसाद पटेल ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों, अवैध शराब बिक्री, जबरन रंग लगाने, तेज ध्वनि में डीजे बजाने एवं किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी एवं नियमित गश्त की व्यवस्था की गई है।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
होली पर्व को लेकर प्रशासन की सक्रियता से हथबंद एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना हुआ है।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.