स्कूली छात्रों ने पनडुब्बी संग्रहालय में देखी नौसेना की कार्यप्रणाली
जिले के विद्यार्थियों ने विशाखापट्टनम स्थित आईएनएस पनडुब्बी संग्रहालय का किया शैक्षणिक भ्रमण
कवर्धा 04 फरवरी 2026। समग्र शिक्षा के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिले के प्रारंभिक एवं सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों को राज्य के बाहर शैक्षणिक भ्रमण पर आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित आईएनएस पनडुब्बी संग्रहालय ले जाया गया। यह भ्रमण कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयम, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा एवं जिला मिशन समन्वयक श्री विनोद कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पनडुब्बी संग्रहालय में प्रदर्शित विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारियों को नजदीक से देखा और समझा। विद्यार्थियों को समुद्री जीवन, नौसेना की कार्यप्रणाली, पनडुब्बी की संरचना, अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी अवधारणाएं तथा समुद्र में होने वाले ज्वार-भाटा जैसी प्राकृतिक घटनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। इस अनुभव से विद्यार्थियों की जिज्ञासा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को नया विस्तार मिला।
सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्री राकेश कुमार चंद्रवंशी ने शैक्षणिक भ्रमण के महत्व बताया कि इस प्रकार के भ्रमण से छात्र-छात्राओं को व्यवहारिक रूप से सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कई बार पुस्तकों में पढ़ी गई बातें प्रत्यक्ष देखने और समझने से अधिक स्पष्ट हो जाती हैं। जिला मिशन समन्वयक श्री विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में निरीक्षण क्षमता, कल्पनाशीलता और तार्किक सोच का विकास करते हैं, जो उनके समग्र शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। शैक्षणिक भ्रमण में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 20 छात्र-छात्राओं को प्रभारी शिक्षकों के साथ भ्रमण कराया गया।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.