सिमगा में चन्द्र प्रकाश टोंडे ने किया श्रम कार्ड पंजीयन केंद्र का निरीक्षण, मजदूरों से निःशुल्क पंजीकरण कराने की अपील
सिमगा में जनपद पंचायत सभापति चन्द्र प्रकाश टोंडे ने आज श्रम कार्ड पंजीयन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीयन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता, हितग्राहियों की उपस्थिति तथा केंद्र पर दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां उपस्थित श्रमिकों से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने और पंजीयन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बताया।
सभापति श्री टोंडे ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के हित में संचालित श्रम कार्ड योजना अत्यंत लाभकारी है। इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों को 1 लाख रुपये से 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क दुर्घटना बीमा प्रदान किया जाता है, जिससे किसी भी अप्रत्याशित दुर्घटना की स्थिति में श्रमिक एवं उसके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
उन्होंने आगे बताया कि 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के पश्चात पात्र श्रमिकों को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन की सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त, यदि किसी श्रमिक का निधन हो जाता है तो उसके द्वारा नामांकित व्यक्ति (नॉमिनी) को जीवनभर 750 रुपये प्रतिमाह की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह योजना श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री टोंडे ने ग्रामीण हितग्राहियों को जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से जमा किया जाता है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होती है।
उन्होंने समस्त ग्रामीण मजदूरों से अपील की कि जो श्रमिक अभी तक पंजीयन नहीं करा पाए हैं, वे अपने नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर या स्वयं श्रम पोर्टल के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए श्रम विभाग या जनपद कार्यालय सिमगा में संपर्क कर योजना से संबंधित पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
अंत में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीयन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और अधिक से अधिक श्रमिकों को योजना से जोड़कर उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.