राम नवमी पर बांसउरकुली में एक दिवसीय संगीतमयी रामकथा का भव्य आयोजन
बिलाईगढ़। अनुभाग मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत बांसउरकुली के सड़क पारा में राम नवमी के पावन अवसर पर एक दिवसीय संगीतमयी रामकथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन कॉलेज रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर में श्रीराम जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में शनिवार, 21 मार्च 2026 को संपन्न होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर लगभग 1 बजे से 2 बजे तक विधिवत गौरी-गणपति पूजन के साथ होगी, जिसमें पंडित बद्री प्रसाद दुबे द्वारा पूजन सम्पन्न कराया जाएगा। इसके पश्चात पंडित दुबे जी द्वारा रामकथा का संगीतमय गायन एवं प्रवचन प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक बिलाईगढ़ एवं कसडोल क्षेत्र की विभिन्न मानस मंडलियों द्वारा सुंदरकांड पाठ, आरती, स्तुति एवं प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक नवधा भक्ति मानस मंडली खुरसुला के भुवनेश्वर पटेल एवं उनके साथियों द्वारा संगीतमय रामकथा एवं प्रवचन की प्रस्तुति दी जाएगी।
रात्रि 8 बजे से प्रभु इच्छा तक बिलाईगढ़ एवं कसडोल विकासखंड के प्रमुख मानस मंडलियों द्वारा भजन, कीर्तन एवं रामकथा का क्रम जारी रहेगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहेगा।
इस आयोजन को लेकर सड़क पारा सहित पूरे बांसउरकुली गांव में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं और श्रद्धालुओं में विशेष उमंग बनी हुई है।
मानस प्रवक्ता श्याम सुंदर पटेल एवं मोहल्लेवासियों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.