विश्व वानिकी दिवस पर मोहरेंगा नेचर सफारी में विकास और प्रकृति का संगम ।
तिल्दा-नेवरा । रायपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत तिल्दा-खरोरा मार्ग पर स्थित ग्राम मोहरेंगा की सुरम्य वादियों में विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर एक गरिमामय लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। लगभग 45 किलोमीटर दूर स्थित यह नेचर सफारी 500 हेक्टेयर में फैले हरित विस्तार के साथ प्राकृतिक संपदा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करती है।
चारों ओर सुदृढ़ फेंसिंग से सुरक्षित यह क्षेत्र अब इको-टूरिज्म के रूप में विकसित होकर पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
सफारी में जैव विविधता का समृद्ध संसार बसा है, जहां विभिन्न प्रकार की वनस्पतियां और वन्यजीव प्राकृतिक परिवेश में सहज रूप से देखे जा सकते हैं।
यहां विकसित किया गया आकर्षक गार्डन क्षेत्र बच्चों के लिए विशेष रूप से मनोहारी है, जिसमें किड्स प्ले एरिया उनकी चहक को और जीवंत बनाता है। पर्यटकों के ठहरने के लिए प्रकृति की गोद में चार सुसज्जित कॉटेज निर्मित किए गए हैं, जिनके समीप स्थित शांत जलराशि से भरा तालाब वातावरण में सौंदर्य का अद्भुत संतुलन रचता है।
पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किचन, डाइनिंग और रेस्टोरेंट की व्यवस्था भी की गई है, जहां वे प्राकृतिक दृश्यों के बीच भोजन का आनंद ले सकते हैं। वहीं, वांच टॉवर और वाटर स्टोरेज टैंक जैसे निर्माण न केवल संरचनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि यहां से वन्यजीवों की निगरानी और प्रकृति के विहंगम दृश्यों का अवलोकन भी संभव है।
इस मनोरम स्थल पर आयोजित समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप ने नवनिर्मित संरचनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा, स्थानीय विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत रायपुर नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति स्वाती वर्मा, जनपद अध्यक्ष तिल्दा टिकेश्वर मनहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में पीसीसीएफ व्ही. श्रीनिवास राव, अरुण पांडेय, सीसीएफ मणि वासन , डी एफ ओ रायपुर , एस डी ओ रायपुर, एस डी ओ नंदनवन, रेंजर दीपक तिवारी, डिप्टी रेंजर फेंकू राम सहित वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
CNI NEWS तिल्दा नेवरा से अजय नेताम की रिपोर्ट >




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.