पेंशन हितग्राहियों को निरंतर मिल रहा लाभ, भुगतान प्रक्रिया जारी
तकनीकी बदलाव के बीच भी पेंशन भुगतान सुचारू रूप से जारी
कवर्धा 17 मार्च 2026। जिले में पेंशन योजनाओं के तहत हितग्राहियों को निरंतर राशि का भुगतान किया जा रहा है, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है। विकासखंड पंडरिया के ग्राम कुँवामालगी निवासी श्री गोपालदास (पिता श्री भीखादास) के बैंक खाते में जनवरी 2026 तक केंद्रांश राशि जमा की जा चुकी है। इस संबंध में प्राप्त शिकायत का निराकरण करते हुए भुगतान की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है, जिससे हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। नई तकनीकी प्रणाली में बदलाव की प्रक्रिया जारी रहने के बावजूद प्रशासन द्वारा भुगतान व्यवस्था को सुचारू बनाए रखते हुए हितग्राहियों तक सहायता पहुंचाई जा रही है।
वर्तमान में केंद्रीय पेंशन योजनाओं को नई प्रणाली एसएनए (स्पर्श) में शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। यह एक बड़ा तकनीकी बदलाव है, जिसमें समाज कल्याण विभाग, राज्य वित्त विभाग, भारत सरकार, पीएफएमएस टीम तथा आरबीआई जैसे विभिन्न संस्थानों के समन्वय से कार्य किया जा रहा है। इस दौरान प्रारंभिक स्तर पर कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद हितग्राहियों को भुगतान की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
समाज कल्याण विभाग ने बताया कि राज्य योजना अंतर्गत पेंशन का पूर्ण भुगतान किया जा रहा है, जबकि केंद्र योजना में केंद्रांश राशि का भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जैसे ही सभी योजनाओं के सभी हितग्राही नई प्रणाली में पूर्ण रूप से ऑनबोर्ड हो जाएंगे, भुगतान की प्रक्रिया और अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुगम हो जाएगी। यह बदलाव भविष्य में पेंशन वितरण व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.