कांग्रेस को विकास से परेशानी, आरोप लगाना पुरानी आदत – करण वर्मा
सुहेला क्षेत्र में इन दिनों विकास कार्यों को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक ओर जहां राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा आम जनता के बीच हो रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस द्वारा लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी मुद्दे पर भारतीय जनता युवा मोर्चा सुहेला के अध्यक्ष करण वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया है।
करण वर्मा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार समावेशी विकास के लक्ष्य के साथ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार विधानसभा को पहली बार मंत्री के रूप में टंक राम वर्मा का प्रतिनिधित्व मिला है और उनके कार्यकाल के ढाई वर्षों में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देखने को मिला है।
उन्होंने विस्तार से बताते हुए कहा कि आज हर गांव में कांक्रीट सड़कें बन रही हैं, गली-मोहल्लों का स्वरूप बदल रहा है और बुनियादी सुविधाओं में तेजी से सुधार हुआ है। सुहेला में वर्षों से लंबित कॉलेज की मांग पूरी हुई है, इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, सुहेला से हिरमी तक पक्की सड़क का निर्माण किया गया है, वहीं नवापारा से सतभावा तक सड़क निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत होकर धरातल पर उतर चुके हैं।
करण वर्मा ने कहा कि यह केवल कुछ उदाहरण हैं, ऐसे अनगिनत विकास कार्य हैं जो क्षेत्र में लगातार चल रहे हैं और आने वाले समय में इनके सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारना है, जो वर्तमान सरकार बखूबी कर रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब विकास कार्यों की गति धीमी थी और भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने क्षेत्र के विकास को कभी प्राथमिकता नहीं दी, जबकि आज जब क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है तो उन्हें यह रास नहीं आ रहा है।
करण वर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही जनहित से जुड़ी कोई स्पष्ट योजना, इसलिए वह केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस की “पुरानी आदत” बताते हुए कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और विकास कार्यों के आधार पर ही निर्णय लेगी।
उन्होंने अंत में कहा कि मंत्री टंक राम वर्मा ने जिस तरह से जमीनी स्तर पर रहकर क्षेत्र की समस्याओं को समझा और उनका समाधान किया है, वह सराहनीय है। वर्तमान सरकार प्रदेश और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में विकास की गति और तेज ।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.