“टूटते रिश्तों को जोड़ने की पहल: ‘एकत्व’ परिवार परामर्श केंद्र का शुभारंभ”
बिलाईगढ़।
जिले में बढ़ते पारिवारिक विवादों और रिश्तों में आ रही दरारों को सुलझाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “एकत्व - परिवार परामर्श केंद्र” का भव्य शुभारंभ किया गया।
जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से कोतवाली थाना परिसर में नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त भवन का लोकार्पण किया।
यह केंद्र परिवारों के बीच बढ़ती दूरियों को कम करने, मानसिक संबल प्रदान करने तथा आपसी संवाद और समझ को मजबूत करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस केंद्र की नींव पूर्व में 12 जुलाई 2025 को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में रखी गई थी, जिसे अब आधुनिक स्वरूप में विकसित कर नए भवन में स्थानांतरित किया गया है।
जिले में लगातार बढ़ रहे पारिवारिक मनमुटाव, तनाव और वैचारिक मतभेदों के चलते सामाजिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा था। इस संवेदनशील स्थिति को देखते हुए जिला पुलिस द्वारा यह नवाचार किया गया है, जिसके माध्यम से अनुभवी काउंसलर्स परिवारों के बीच संवाद स्थापित कर विवादों का समाधान कर रहे हैं।
परामर्श केंद्र में पहले 3 काउंसलर कार्यरत थे, लेकिन अब मामलों के त्वरित एवं स्थायी निराकरण के लिए 6 नए काउंसलर नियुक्त किए गए हैं। इससे मामलों के शीघ्र निपटारे में गति आएगी।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 55 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 30 मामलों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। इनमें से 28 मामलों का आपसी सहमति से सफल निपटारा हुआ है, जबकि 2 मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। शेष मामलों में भी जल्द सकारात्मक परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने केंद्र की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए इस पहल की सराहना की और कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव के बीच ऐसे परामर्श केंद्र समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विवादों को न्यायालय तक ले जाने के बजाय पहले परामर्श केंद्र के माध्यम से समाधान खोजें।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने “एकत्व” के मूल उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केंद्र परिवारों में सामंजस्य, सौहार्द और एकता बनाए रखने का सशक्त माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में उपस्थित काउंसलर्स ने अपने अनुभव साझा किए और नव-नियुक्त काउंसलर्स ने इस पहल से जुड़कर समाज सेवा का अवसर मिलने पर गर्व व्यक्त किया।
“एकत्व” अब केवल एक केंद्र नहीं, बल्कि टूटते परिवारों को जोड़ने और रिश्तों में फिर से विश्वास जगाने की उम्मीद बनकर उभर रहा है।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.