धोखाधड़ी के दो मामलों में संलिप्त आरोपिया जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - छह माह में रकम दोगुना करने एवं लोन दिलाने का झांसा देकर दस लाख रूपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के दो अलग - अलग मामलों में थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। आरोपिया के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज है और वैधानिक कार्यवाही जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार गत दिवस 05 अप्रैल को थाना पद्मनाभपुर क्षेत्रांतर्गत धोखाधड़ी के दो पृथक प्रकरणों में कार्यवाही करते हुये आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया। आरोपिया लक्ष्मी टाण्डी द्वारा प्रार्थी सारपल्ली भास्कर को छह माह में रकम दोगुना करने का प्रलोभन देकर लगभग तीन लाख रुपये नगद एवं सात लाख रुपये विभिन्न खातों में ऑनलाइन माध्यम से जमा करवाकर धोखाधड़ी की गई। इसी प्रकार आरोपी द्वारा प्रार्थी कविता श्रीवास्तव को लोन दिलाने का झांसा देकर दस हजार रुपये ऑनलाइन एवं पचास हजार रुपये नगद प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई। उक्त प्रकरणों में थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 209/2026 एवं 210/2026 धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पूछताछ में आरोपिया ने जुर्म करना स्वीकार किया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। आरोपिया के विरुद्ध पूर्व में थाना सुपेला में भी अपराध क्रमांक 813/2024 दर्ज है। उक्त कार्यवाही में थाना पद्मनाभपुर पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही , जिनके द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपिया -
लक्ष्मी टाण्डी उम्र लगभग 30 वर्ष निवासी - रायपुर नाका , थाना - पद्मनाभपुर , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री -
प्रकरण में प्रयुक्त बैंक खातों एवं लेनदेन संबंधी दस्तावेज (जांचाधीन)
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के लालच , निवेश या लोन के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में ना आयें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.