हारे के सहारे बाबा श्याम का सेवंती, गुलाब एवं फलों की मालाओं से सजा अलौकिक दरबार
सुप्रसिद्ध भजन गायक निखिल श्याम शर्मा की जोड़ी के सप्तरंगी संकीर्तन में भजनों की महक से महक उठा नारायण धाम
आज 12 जून बरसाने वाली राधा रानी के भजनों की अमृत वर्षा करेंगी भजन गायिका राधिका शर्मा
राजनांदगांव। भक्ति, आराधना, संकीर्तन और ईश्वर के प्रति अटूट प्रेम का महापर्व श्री नारायण महामहोत्सव इन दिनों श्री सत्यनारायण धर्मशाला स्थित श्री नारायण धाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्री नारायण की विशेष
आराधना का पावन अवसर है। इस माह में सच्ची श्रद्धा और विश्वास से की गई भक्ति भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करती है।
उन्होंने बताया कि महाभारत काल में भीम के पौत्र एवं घटोत्कच के पुत्र बर्बरीक को भगवान शिव से तीन बाणों का वरदान प्राप्त था तथा उनकी माता ने उन्हें आशीर्वाद दिया था कि वे सदैव हारे हुए का सहारा बनेंगे। भगवान श्रीकृष्ण ने उनके अद्वितीय त्याग, बलिदान और भक्ति से प्रसन्न होकर वरदान दिया कि वे कलयुग में खाटू श्याम के रूप में पूजे जाएंगे और हारे हुए लोगों के सहारा बनेंगे। तभी से बाबा श्याम के प्रति करोड़ों भक्तों की अटूट आस्था बनी हुई है।
सेवंती, गुलाब और फलों की मालाओं से सजा बाबा श्याम का दरबार
कामदा एकादशी के पावन अवसर पर श्री नारायण धाम में बाबा श्याम की मनोहारी झांकी सजाई गई। सेवंती, गुलाब एवं विभिन्न फलों की मालाओं से सजे अलौकिक दरबार में बाबा की छवि अत्यंत आकर्षक दिखाई दे रही थी। ज्योत प्रज्ज्वलन और विशेष श्रृंगार के मध्य श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दिव्य दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
भजनों की सुरलहरियों में झूम उठे हजारों श्रद्धालु
नगर के सुप्रसिद्ध भजन गायक निखिल श्याम शर्मा एवं उनकी संगीतमय मंडली ने श्याम जन्मोत्सव, बाबा श्याम की महिमा और मोरछड़ी के महत्व पर आधारित भजनों की ऐसी मनोहारी प्रस्तुति दी कि पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। संकीर्तन के सप्तरंगी रंगों में डूबे श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर होकर नाचते-गाते रहे। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने फूलों की होली का अद्भुत आनंद लेते हुए भक्ति उत्सव का आनंद उठाया।
अतिथियों ने की महाआरती में सहभागिता
महामहोत्सव में नीलू शर्मा (अध्यक्ष, पर्यटन मंडल छत्तीसगढ़ शासन), सुशील अग्रवाल (अध्यक्ष, अग्रवाल सभा राजनांदगांव), समाजसेवी घनश्याम अग्रवाल धर्मपत्नी भावना अग्रवाल , के साथ-साथ सपत्नीक पहुंचे राजेश बर्मन (स्टेशन मास्टर), श्रीमती शारदा तिवारी समाजसेवी, अलका जानी (अध्यक्ष, कस्तूरबा महिला मंडल) एवं उनकी टीम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात सभी ने महाआरती में सहभागिता निभाकर श्री नारायण एवं बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आज 12 जून बरसेगी राधा नाम की भक्ति रसधारा
समिति के कार्यकारिणी सदस्य संतोष सिंघल ने बताया कि 12 जून को बरसाने वाली राधा रानी की महिमा का गुणगान करने हेतु विख्यात भजन गायिका राधिका शर्मा अपनी मधुर स्वर लहरियों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। राधा नाम संकीर्तन एवं विशेष भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
जहां भक्ति, विश्वास और प्रेम का संगम होता है, वहीं जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। श्री नारायण महामहोत्सव इसी आध्यात्मिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। उपरोक्त जानकारी श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के सचिव सौरभ खंडेलवाल एवं उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी। :::



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.