प्रसिद्ध भजन गायक चंद्रेश जैन की होगी प्रस्तुति
आज भक्ति संगीत और दीपोत्सव की त्रिवेणी का भव्य संगम
21000 दीपों से देव दीपावली महा उत्सव
राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव में श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा आयोजित श्री नारायण श्रद्धा, भक्ति, आराधना एवं संकीर्तन की अविरल धारा के अंतर्गत पुरुषोत्तम मास महोत्सव निरंतर भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो रहा है। महोत्सव के 15 वें दिवस सोमवार 15 जून 2026 को श्री नारायण धाम में भक्ति, संगीत और दीपोत्सव की त्रिवेणी का भव्य संगम देखने को मिलेगा।
श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल ने बताया कि दोपहर 3:30 बजे से नगर के सुप्रसिद्ध भजन गायक चंद्रेश जैन अपनी मधुर स्वर गंगा से प्रभु श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनके सुमधुर भजन श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराएंगे।
21000 दीपों से सजेगी दिव्य देव दीपावली
समिति के सह सचिव रामावतार जोशी ने बताया कि पांच विद्वान पंडितों की उपस्थिति में शंखनाद, घंटानाद एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री सत्यनारायण धर्मशाला से लेकर श्री सत्यनारायण मंदिर तक 21 हजार दीपों से सुसज्जित भव्य देव दीपावली का आयोजन किया जाएगा।
इस दिव्य आयोजन के विशेष सहयोगी राकेश ठाकुर (दिया वाले बाबा), शनि धाम रानी सागर परिवार रहेंगे। देव दीपावली के माध्यम से बच्चों को संस्कार शिक्षा, “करें योग रहें निरोग”, “पौधे लगाओ-वृक्ष बचाओ”, “जल बचाओ-जीवन बचाओ”, “स्वदेशी अपनाओ” तथा “गौ माता को राष्ट्र माता बनाने” जैसे जनजागरण संदेश भी दिए जाएंगे। संस्कारधानी के नागरिकों के सहयोग से आयोजित इस अनूठे आयोजन में प्रत्येक श्रद्धालु एक दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली उत्सव में सहभागी बनेगा।
कल होगा श्री सत्यनारायण कथा, हवन-यज्ञ एवं पूर्णाहुति
समिति के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल एवं राजेश शर्मा ने बताया कि 16 दिवसीय पुरुषोत्तम मास महोत्सव के समापन अवसर पर मंगलवार 16 जून 2026 को प्रातः 10 बजे श्री सत्यनारायण धर्मशाला, नारायण धाम में पंडित कालू महाराज के सान्निध्य में श्री सत्यनारायण कथा, हवन-यज्ञ, पूर्णाहुति एवं विश्व शांति हेतु मंगल कामना का आयोजन किया जाएगा।
कथा के यजमान श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के समस्त सदस्यगण रहेंगे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण कर विश्व शांति एवं मानव कल्याण की मंगल कामना में सहभागी बनने की अपील की है।
उपरोक्त जानकारी श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के सचिव सौरभ खंडेलवाल एवं उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.