अवैध शराब बिक्री के खिलाफ संजय सिंह का आमरण अनशन समाप्त, पुलिस की कार्रवाई के बाद मिली सफलता
दल्ली राजहरा। नगर के विभिन्न वार्डों में खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने तथा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मजदूर नेता श्री संजय सिंह द्वारा दिनांक 27 जुलाई 2026 से इंटक कार्यालय के सामने आमरण अनशन प्रारंभ किया गया था।
संजय सिंह की प्रमुख मांगों में दल्ली राजहरा नगर के विभिन्न वार्डों में चल रहे अवैध शराब के कारोबार को पूर्णतः बंद कराना तथा अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना शामिल था। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 4 के अमित कुमार द्वारा खुलेआम बार जैसी स्थिति में शराब का विक्रय किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी।
आमरण अनशन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर के विभिन्न वार्डों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में नगर में अवैध शराब की बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में अमित कुमार के विरुद्ध बीएनएस की धारा 129 (पूर्व आईपीसी धारा 110) के तहत कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है, जिसके बाद उसे निगरानीशुदा बदमाश की श्रेणी में रखा गया है।
इस कार्रवाई में डौंडी तहसीलदार श्री देवेंद्र कुमार नेताम, सीएसपी श्री वी.के. पटले, नगर निरीक्षक श्री अविनाश सिंह एवं सब इंस्पेक्टर श्री पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा अवैध शराब की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाए जाने तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध निगरानी संबंधी कार्रवाई किए जाने के आश्वासन के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री रतिराम कोसमा, इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष श्री अभय सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री श्री रवि जायसवाल, श्री लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, श्री गौरीशंकर सिंह एवं श्री रामलाल यादव ने संजय सिंह को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया।
आमरण अनशन की इस सफलता से संजय सिंह के साथियों एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है। विशेषकर वार्ड क्रमांक 4 के युवाओं एवं महिलाओं में इस कार्रवाई को लेकर प्रसन्नता देखी जा रही है। नगरवासी संजय सिंह से मिलकर उन्हें इस संघर्ष की सफलता के लिए बधाई दे रहे हैं।
यद्यपि संजय सिंह ने यह आमरण अनशन अकेले प्रारंभ किया था, लेकिन उनके समर्थन में शहरवासियों की लगातार उपस्थिति बनी रही। विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, श्रमिक संगठनों एवं विभिन्न यूनियनों से जुड़े लोगों के साथ साथ जन मुक्ति मोर्चा के द्वारा अनशन स्थल पर पहुंचकर उन्हें समर्थन दिया और उनका हौसला बढ़ाया।
इस पूरे संघर्ष ने यह संदेश दिया है कि नगर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने से प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर किया जा सकता है। संजय सिंह ने कहा कि नगर की जनता के हित में उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाई जाती रहेगी।
— जारीकर्ता
संजय कुमार सिंह
मज़दूर नेता



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.