भटगांव महाविद्यालय में अहाता निर्माण की बढ़ी उम्मीद, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश
भटगांव। शासकीय नयन दास महिलांग महाविद्यालय, भटगांव की कब्जा-मुक्त भूमि पर बाउंड्रीवॉल (अहाता) निर्माण की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद बढ़ गई है। प्रदेश के वित्त मंत्री ने आगामी बजट में राशि स्वीकृत कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दूर-दराज से पहुंचे कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। इसी अवसर पर शासकीय नयन दास महिलांग महाविद्यालय, भटगांव की जनभागीदारी एवं विकास समिति के अध्यक्ष तुलसीराम आदित्य ने भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरज सिंह दीक्षित एवं मंडल महामंत्री श्यामलाल साहू के माध्यम से महाविद्यालय परिसर में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने संबंधी आवेदन वित्त मंत्री को सौंपा।
आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वित्त मंत्री ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर को दूरभाष पर निर्देश दिए कि अहाता निर्माण का प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार कर वित्त विभाग को भेजा जाए, ताकि आगामी बजट में इसे शामिल किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जिला प्रभारी एवं राजस्व, आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री को इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। उन्होंने भी महाविद्यालय में अहाता निर्माण के लिए पर्याप्त राशि स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया था।
गौरतलब है कि जून माह में शासकीय महाविद्यालय की लगभग 18 एकड़ भूमि को जनभागीदारी समिति एवं दमदमा किसान विकास समिति, भटगांव के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। अब भूमि कब्जा-मुक्त होने और शासन स्तर पर सकारात्मक पहल शुरू होने से क्षेत्रवासियों एवं महाविद्यालय परिवार को विश्वास है कि वर्षों से लंबित बाउंड्रीवॉल निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू हो सकेगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.