शासकीय हाई स्कूल बानाबेल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस
CNI NEWS बिलासपुर छत्तीसगढ़ से दिलीप सोनवानी की रिपोर्ट
बिलासपुर। शासकीय हाई स्कूल बानाबेल में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
देशभक्ति के नारों से पूरा गांव राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
इसके पश्चात विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बानाबेल के सरपंच श्री लखन पैकरा रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री पंचराम यादव,
श्री जानसिंह भानु, श्री दादू सिंह पैकरा एवं श्री पंचराम भानु उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संतोषी नेताम ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, कविता पाठ, भाषण, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया और सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि श्री लखन पैकरा ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को देश के जिम्मेदार नागरिक बनने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ, अभिभावक, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार द्वारा किया गया तथा अंत में सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर : दिलीप सोनवानी
CNI NEWS, ब्यूरो चीफ बिलासपुर




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.