वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की जयंती पर रायपुर में प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह आयोजित, विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने की शिरकत
रायपुर, 23 अगस्त! आज रायपुर में अवंती शिक्षण समिति के तत्वावधान में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य 'प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह' का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा जी ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने रानी अवंतीबाई के देश के प्रति बलिदान और उनके अदम्य साहस को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा जी ने कहा कि वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी भारतीय इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का एक ऐसा स्रोत है, जो हमें राष्ट्रसेवा और संघर्ष का मार्ग दिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे रानी अवंतीबाई के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
छात्र-छात्राओं में इस प्रोत्साहन से खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में अवंती शिक्षण समिति के पदाधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.