ब्रेकिंग गीदम
लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
रिपोर्टर। असीम पाल ब्यूरो
दंतेवाड़ा
दिनांक-03/08/2026
दंतेवाड़ा जिले स्कुल बसों एवं सवारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था का किया गया निरीक्षण, यातायात नियमों के पालन के दिए गए निर्देश
गीदम, दिनांक 03 अगस्त 2026।
पुलिस अधीक्षक दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूँटे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन के मार्गदर्शन में जिले में स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना गीदम पुलिस द्वारा विशेष वाहन सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत थाना गीदम पुलिस द्वारा केंद्रीय विद्यालय चिंतलका एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जावंगा में संचालित स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बसों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, वाहन दस्तावेजों एवं संचालन संबंधी मानकों का परीक्षण किया गया।
इस दौरान बस चालकों को निर्धारित वर्दी (यूनिफॉर्म) में ड्यूटी करने, वाहन को सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने हेतु आवश्यक समझाइश दी गई। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक स्कूल बस में बच्चों की सुरक्षा के लिए सह-चालक (हमराह) की व्यवस्था उपलब्ध रहे।
सह-चालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे बच्चों के बस में चढ़ने एवं उतरने के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतें, बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने दें।
इसके अतिरिक्त थाना गीदम क्षेत्रांतर्गत संचालित सार्वजनिक परिवहन वाहनों, जैसे ऑटो, कमांडर एवं बोलेरो यात्री वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संबंध में विस्तृत समझाइश दी गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट एवं अन्य वैधानिक अभिलेखों की भी जांच की गई तथा सभी वाहन चालकों को नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा आमजन एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.