आईजी अजय यादव ने ली यातायात नोडल अधिकारियों एवं प्रभारियों की समीक्षा बैठक
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
राजनांदगांव - पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव द्वारा आज रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों के यातायात नोडल अधिकारियों एवं प्रभारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ-साथ यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। पुलिस महानिरीक्षक ने मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन पर कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने हिट एंड रन के मामलों में संलिप्त वाहनों एवं आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्यवाही करने तथा बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में स्कूल बसों एवं वैन की फिटनेस , सीसीटीवी कैमरा , स्पीड गवर्नर एवं मेडिकल किट की जांच के साथ-साथ चालक एवं परिचालक के स्वास्थ्य परीक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी को iRAD ऐप में तत्काल दर्ज करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने दुर्घटना संभावित एवं ऐसे स्थान जहां बार-बार सड़क हादसे हो रहे हैं , उनकी पहचान कर वहां मौजूद कमियों को दूर करने के लिये संबंधित विभागों , विशेषकर PWD एवं NHAI के साथ समन्वय कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिये। साथ ही इंटरसेप्टर वाहन की सहायता से ओवर स्पीडिंग एवं ड्रंकन ड्राइविंग के विरुद्ध अधिक से अधिक प्रभावी चालानी कार्यवाही करने पर जोर दिया गया। आईजी यादव ने आम नागरिकों से अपील करते हुये कहा कि सभी जिम्मेदार नागरिक की तरह यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा के लिये अत्यंत आवश्यक है। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी , जिला राजनांदगांव से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर , जिला कबीरधाम से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमचंद सिदार , जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी से उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पवार , जिला खैरागढ़ छुईखदान गंडई से उप पुलिस अधीक्षक रमेश चन्द्रा एवं राजनांदगांव रेंज स्तर के सभी जिलों से यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप , निरीक्षक महेश ध्रुव , सहायक उप निरीक्षक शेषणरायण देवांगन उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.