राजधानी के आसमान में गूंजा भारतीय वायुसेना के , सारंग , हेलीकॉप्टरों का गर्जन, रोमांचित हुए रायपुरवासी।
सी एन आइ न्यूज़ पुरुषोत्तम जोशी। रायपुर- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर राजधानी रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना।
भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने राजधानी के आसमान में शानदार उड़ान भरकर रायपुरवासियों को रोमांचित कर दिया। हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनते ही शहरवासियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोगों ने अपने घरों, कार्यालयों और विभिन्न भवनों की छतों से इस अद्भुत नजारे का आनंद लिया।
कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री आशीष देवांगन, एसडीएम श्री नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने आसमान में उड़ान भरते सारंग हेलीकॉप्टरों को देखकर उत्साहपूर्वक हाथ हिलाकर भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलटों का अभिवादन किया।
राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में भी सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह रहा। जैसे ही हेलीकॉप्टर आसमान में दिखाई दिए, लोगों की निगाहें उनकी ओर टिक गईं। घरों और कार्यालयों की छतों पर खड़े नागरिकों ने हाथ हिलाकर पायलटों का स्वागत किया। स्कूली बच्चों और युवाओं में विशेष रोमांच देखने को मिला। अनेक लोगों ने इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। भारतीय वायुसेना की इस शानदार उड़ान ने पूरे शहर में देशभक्ति और गौरव का वातावरण निर्मित कर दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का राजधानी के आसमान में उड़ान भरना रायपुरवासियों के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है। भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, अनुशासन और तकनीकी सामर्थ्य से परिचित कराने का अवसर प्रदान करेगा।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.