नशामुक्त युवा ही विकसित और सशक्त भारत की मजबूत नींव : डॉ. प्रकाश खूंटे
माई भारत ‘आस-पड़ोस युवा संसद’ कार्यक्रम में युवाओं को दिया नशामुक्ति, स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और शारीरिक गतिविधियों का संदेश
साल्हेवारा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माई भारत, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में शनिवार 21 नवंबर को रानी दुर्गावती महाविद्यालय, साल्हेवारा में ‘माई भारत आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की थीम ‘युवा जुड़ाव, विकसित भारत के लिए’ रही। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त, जागरूक, स्वस्थ, सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्मन ताम्रकार तथा विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साल्हेवारा सरपंच दशरथ पटेल ने की। विशिष्ट वक्ता के रूप में मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव के एमडी डॉ. प्रकाश खूंटे, साल्हेवारा थाना प्रभारी निरीक्षक सागर तथा शिक्षक तुलश्वर सेन ने युवाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी सुभजीत डे सहित माई भारत के अधिकारी-कर्मचारी भी आमंत्रित रहे। कार्यक्रम के समन्वयक शिव कुमार गातेकर, एनवाईवाई, छुईखदान ब्लॉक रहे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रकाश खूंटे ने नशामुक्ति को स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए कहा कि जब युवा नशे से दूर रहेंगे, तभी हम भारत को पुनः सोने की चिड़िया बनाने के संकल्प को साकार कर सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवादात्मक तरीके से पूछा कि नशे के सेवन से शरीर के कौन-कौन से अंग प्रभावित होते हैं। सही जवाब देने वाले छात्र-छात्राओं को तत्काल पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि लंबी और स्वस्थ आयु के लिए नशे से दूरी बनाना बेहद जरूरी है। युवावस्था में अपनाई गई अच्छी आदतें ही भविष्य के स्वस्थ जीवन का आधार बनती हैं।
डॉ. खूंटे ने विद्यार्थियों को ओवरथिंकिंग अर्थात जरूरत से अधिक सोचने की प्रवृत्ति से बचने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और मानसिक रूप से प्रसन्न रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट शारीरिक गतिविधियां करने की सलाह दी। उन्होंने सूर्य के साथ दिनचर्या शुरू करने, प्रकृति से जुड़ने और सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपने दैनिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
उन्होंने वर्तमान समय में युवाओं और विद्यार्थियों के बीच बढ़ते मोबाइल उपयोग पर भी चिंता व्यक्त करते हुए स्क्रीन टाइम को नियंत्रित रखने, मोबाइल का आवश्यकतानुसार उपयोग करने तथा पढ़ाई, खेलकूद, व्यायाम और सामाजिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त समय निकालने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक सोच से ही युवा अपनी वास्तविक क्षमता को पहचान सकते हैं।
कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और संवाद के माध्यम से नशामुक्त भारत, स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर सार्थक संदेश दिया गया। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज में भी नशामुक्ति एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाएं।
कार्यक्रम का मूल संदेश यही रहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और यदि युवा नशे से मुक्त, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ तथा सकारात्मक विचारों से परिपूर्ण होंगे, तभी विकसित भारत का सपना मजबूत आधार प्राप्त कर सकेगा।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.