बारिश के बीच भी स्वास्थ्य विभाग का औचक निरीक्षण अभियान जारी, सात स्थानों पर कार्रवाई
झोलाछाप क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, कहीं पंजीयन के निर्देश तो कहीं क्लीनिक बंद कराने की कार्रवाई; साल्हेवारा के अस्पताल एवं पैथोलॉजी लैब को भी मिली व्यवस्था सुधारने की हिदायत
साल्हेवारा/खैरागढ़, 20 नवंबर 2026।
जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों, अस्पतालों एवं पैथोलॉजी लैब पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बारिश के मौसम के बावजूद जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय टीम ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाते हुए कुल छह स्थानों पर जांच एवं कार्रवाई की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई डॉ. अनिल शुक्ला के निर्देशानुसार गठित निरीक्षण दल ने विभिन्न क्लीनिकों, अस्पतालों एवं पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित संचालकों से शैक्षणिक योग्यता, पंजीयन एवं संचालन से जुड़े वैध दस्तावेजों की जांच की गई। जहां नियमों का पालन नहीं पाया गया, वहां आवश्यक निर्देश देते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।
निरीक्षण में इन संस्थानों पर हुई कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित संस्थानों में जांच कर आवश्यक निर्देश दिए गए:
1\. डॉ. राकेश बक्शी, नर्मदा चौक: निरीक्षण के दौरान बीएएमएस की डिग्री प्रस्तुत की गई, लेकिन नर्सिंग होम एक्ट के अंतर्गत क्लीनिक संचालन हेतु पंजीयन आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया था। उन्हें नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
2\. श्री भकूर चंदेल, नर्मदा चौक: इनके द्वारा बीएएमएस इलेक्ट्रोहोम्योपैथी की डिग्री प्रस्तुत की गई, जिसे क्लीनिक संचालन के लिए मान्य नहीं पाया गया। इस पर क्लीनिक का संचालन तत्काल बंद करने एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
3\. डॉ. अजय कुमार मसखरे, ठाकुरटोला: निरीक्षण के दौरान बी.फार्मा एवं फिजियोथेरेपी की डिग्री प्रस्तुत की गई। उन्हें क्लीनिक संचालन हेतु नर्सिंग होम एक्ट के अंतर्गत नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
4\. डॉ. अचंनलाल कुंभकार, अल्टरनेटिव पैथी, पैलीमेटा: निरीक्षण के दौरान वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण क्लीनिक का संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए।
5\. नवीन संचालित साल्हेवारा हॉस्पिटल: अस्पताल का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार करने तथा कैजुअल्टी रूम को व्यवस्थित कर आवश्यक सुविधाओं से युक्त करने के निर्देश दिए गए।
6\. नेशनल पैथोलॉजी, साल्हेवारा: पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण कर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बायोमेडिकल वेस्ट का नियमानुसार उचित प्रबंधन एवं निपटान करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण दल में ये अधिकारी रहे शामिल
जिला स्तरीय निरीक्षण दल में जिला नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद असलम, जिला सहायक नोडल अधिकारी डॉ. बोधन परते, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. एच.एस. साहू तथा जिला सदस्य एवं नोडल एनएचएम टीम डॉ. पंकज वैष्णव शामिल रहे।
निरीक्षण दल द्वारा सभी संबंधित क्लीनिक, अस्पताल एवं पैथोलॉजी संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों तथा नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
अभियान लगातार रहेगा जारी : डॉ. अनिल शुक्ला
सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जिले में झोलाछाप क्लीनिकों एवं नियम विरुद्ध संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम जनहित में नियमानुसार अभियान चला रही है। आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को बिना वैध योग्यता एवं आवश्यक पंजीयन के क्लीनिक अथवा अस्पताल संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण जारी रहेंगे तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।























No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.