लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
रिपोर्टर। असीम पाल ब्यूरो
दंतेवाड़ा
स्थान : बचेली, जिला दंतेवाड़ा
विरोध के बावजूद रातोंरात गेट निर्माण, सभी पार्षदों ने हस्ताक्षर कर जताया विरोध
बचेली में फिर गेट निर्माण को लेकर बवाल, विधायक समेत जनप्रतिनिधियों ने जताया विरोध; सभी पार्षदों ने हस्ताक्षर कर उठाए सवाल
बचेली दंतेवाड़ा । नगर में NMDC द्वारा विभिन्न स्थानों पर गेट निर्माण कराए जाने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। डीएवी स्कूल के पास पहले बनाए गए गेट को नगर पालिका प्रशासन की टीम ने जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हटवा दिया था।
इसके बावजूद NMDC द्वारा एक बार फिर गेट निर्माण शुरू किए जाने से नगर में विरोध की स्थिति निर्मित हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों गेट निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों और NMDC अधिकारियों के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई थी। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में चर्चा हुई थी और अगले दिन तक निर्माण कार्य टाल दिया गया था। लेकिन आरोप है कि इसके बाद NMDC ने रात के समय हॉकी ग्राउंड के पास गेट निर्माण का काम शुरू कर दिया। शनिवार को इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया।
विरोध प्रदर्शन में विधायक चैतराम अटामी, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंद सहित पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मौके पर SDM राजीव जेम्स कुजूर भी उपस्थित थे। उनकी मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका पदाधिकारियों और NMDC अधिकारियों के बीच गेट निर्माण को लेकर चर्चा हुई।
इस दौरान विधायक चैतराम अटामी ने गेट निर्माण को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। संबंधित क्षेत्र नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए सबसे पहले नगर पालिका से एनओसी लेना आवश्यक है। बिना आवश्यक अनुमति और प्रक्रिया पूरी किए निर्माण किया जाना उचित नहीं है।
इधर, इस मामले में बचेली नगर पालिका परिषद के सभी पार्षद भी एकजुट नजर आए। सभी पार्षदों ने एक लिखित पत्र पर अपने हस्ताक्षर कर NMDC के गेट निर्माण का विरोध दर्ज कराया है। पार्षदों का कहना है कि नगर के विभिन्न स्थानों पर गेट निर्माण से आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। सभी पार्षदों के हस्ताक्षर वाला यह विरोध पत्र बताता है कि गेट निर्माण का मुद्दा अब केवल व्यक्तिगत आपत्ति तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी नगर पालिका परिषद की चिंता बन गया है।
पार्षदों का कहना है कि बचेली एक छोटा नगर है, जहां पहले से ही आवागमन के लिए सीमित रास्ते हैं। ऐसे में जगह-जगह गेट लगाए जाने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों, अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बचेली में NMDC के भारी वाहनों की आवाजाही के कारण मुख्य मार्गों पर दबाव बना रहता है। ऐसे में आम नागरिकों और बच्चों को कई बार गलियों से होकर गुजरना पड़ता है। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बाजार करने बचेली पहुंचते हैं। ऐसे में रास्तों पर गेट निर्माण होने से ग्रामीणों और नगरवासियों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब डीएवी स्कूल के पास गेट निर्माण को लेकर पहले ही विवाद हो चुका है और जनप्रतिनिधियों ने विरोध दर्ज कराया था, तो फिर हॉकी ग्राउंड के पास रातोंरात निर्माण शुरू करने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या NMDC ने नगर पालिका से एनओसी ली है? यदि अनुमति ली गई है तो उसकी शर्तें क्या हैं? सभी पार्षदों के लिखित विरोध के बाद भी गेट निर्माण को लेकर प्रबंधन का क्या रुख है? और क्या गेट निर्माण के बाद आम जनता की आवाजाही पहले की तरह निर्बाध रह पाएगी?
फिलहाल विधायक, जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका परिषद के सभी पार्षदों और स्थानीय नागरिकों के विरोध के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब देखना होगा कि NMDC प्रबंधन और नगर पालिका प्रशासन इस विवाद पर क्या निर्णय लेते हैं।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.