दिनांक : 03.02.2026
जिला : विदिशा
सड़क सुरक्षा माह 2026: 1729 चालानों में ₹7.80 लाख से अधिक शमन शुल्क वसूला
‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ के अंतर्गत 585 जागरूकता कार्यक्रमों से 31,425 नागरिक हुए जागरूक
नियम पालन से ही सुरक्षित यात्रा—सड़क सुरक्षा माह का प्रभावी क्रियान्वयन
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक मनाए गए “सड़क सुरक्षा माह” के अंतर्गत यातायात पुलिस विदिशा द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने,
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं आमजन को सुरक्षित एवं शांत वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान के साथ-साथ लगातार प्रभावी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु मुख्य मार्गों एवं सीमांत क्षेत्रों में सतत वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।
उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिशा डॉ. प्रशांत चौबे एवं समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में तथा थाना यातायात प्रभारी श्री आशीष राय, यातायात प्रभारी बासौदा श्री निरपत सिंह लोधी, यातायात प्रभारी सिरोंज सूबेदार श्री रितेश बघेला एवं समस्त थाना/चौकी प्रभारियों व स्टाफ के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई:
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 1,729 चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें ₹7,80,500 का शमन शुल्क वसूल किया गया। इनमें 818 वाहन चालक बिना हेलमेट, 188 वाहन चालक बिना सीट बेल्ट, 34 वाहन चालक ओवर स्पीडिंग, 5 वाहन बिना वैध बीमा, 1 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए तथा 72 वाहन बिना HSRP (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित:
साथ ही, “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” थीम पर आधारित जिलेभर में 585 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 11,714 छात्र, 9,433 छात्राएँ एवं 10,278 अन्य नागरिक/लाभार्थी, कुल 31,425 लोगों को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन एवं सड़क दुर्घटना रोकथाम के संबंध में जागरूक किया गया। स्कूल, कॉलेज एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 176 स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रेडियम टेप/रिफ्लेक्टर लगाए, मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट:
दुर्घटनाओं की रोकथाम को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य वाहनों पर अंधे मोड़ों पर 7,134 रेडियम टेप/रिफ्लेक्टर लगाए गए। इसके अतिरिक्त, ध्वनि प्रदूषण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियंत्रण के उद्देश्य से 55 मॉडिफाइड साइलेंसर जप्त कर नष्ट किए गए।
यातायात पुलिस विदिशा द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत की गई यह संयुक्त कार्रवाई एवं जागरूकता पहल नागरिकों में जिम्मेदार, सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवहार विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
विदिशा पुलिस की आमजन से अपील:
जिला पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.