चांदन में विद्युत विभाग का रजत जयंती महोत्सव गरिमामय वातावरण में संपन्न
जनकल्याणकारी विद्युत योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी, उत्कृष्ट उपभोक्ताओं का किया गया सम्मान
बिलाईगढ़।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की स्थापना के रजत जयंती अवसर पर कसडोल विकासखंड अंतर्गत ग्राम चांदन में सोमवार, 02 फरवरी 2026 को विद्युत विभाग द्वारा भव्य एवं गरिमामय रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन द्वारा संचालित विद्युत संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम उपभोक्ताओं तक प्रभावी रूप से पहुंचाना रहा।
समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, महिला-पुरुष उपभोक्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुश्री दामिनी कुंजाम एवं विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता सकूल पोर्ते रहीं। अतिथियों का स्वागत विद्युत विभाग की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने नागरिकों से सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग, बिजली की बचत तथा विद्युत व्यय में कमी लाने की अपील की। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने एवं विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को सोलर पैनल स्थापना प्रक्रिया, उससे होने वाली आर्थिक बचत एवं दीर्घकालीन लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों के उत्कृष्ट उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिन्हें मुख्य अतिथियों के करकमलों से प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
उक्त कार्यक्रम का आयोजन शासन के निर्देशानुसार सहायक अभियंता श्री राणा सिंह राय के मार्गदर्शन में तथा कनिष्ठ यंत्री रामकुमार के नेतृत्व में किया गया। समारोह में विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.