बिलासपुर पुलिस रेंज में “अनुभव” क्यूआर कोड का शुभारंभ
अब थाने की व्यवस्था पर आमजन दे सकेंगे सीधे आईजी को फीडबैक
बिलासपुर।
बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार की शुरुआत की गई है। पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से विकसित “अनुभव” क्यूआर कोड का शुभारंभ आज 5 फरवरी 2027 को बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना सभागार में गरिमामय समारोह के दौरान किया गया।
इस अवसर पर संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह की उपस्थिति रही। वहीं बिलासपुर रेंज अंतर्गत कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ एवं सक्ती जिलों के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।
पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने अपने उद्बोधन में बताया कि समय की मांग है कि पुलिस तकनीकी रूप से सशक्त बने और आमजन भी सरल माध्यमों से पुलिस के साथ अपने अनुभव साझा कर सकें। इसी उद्देश्य से “अनुभव” क्यूआर कोड की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि थानों एवं पुलिस कार्यालयों में लगाए गए इस क्यूआर कोड को स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसके माध्यम से नागरिक अपने अनुभव व फीडबैक सीधे आईजी कार्यालय तक भेज सकेंगे। फीडबैक देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह वैकल्पिक एवं गोपनीय रखा गया है।
जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था आमजन को बिना किसी झिझक या कार्यालयों के चक्कर लगाए सीधे अपनी बात वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन ने कहा कि हम जनता के सेवक हैं, इसलिए हमारे कार्यों का मूल्यांकन भी जनता द्वारा होना चाहिए, और यह नवाचार उसी दिशा में एक सार्थक कदम है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में “अनुभव” क्यूआर कोड स्थापित कर दिए गए हैं। थाने में आने वाले फरियादियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी ने भी इस पहल को पुलिसिंग को बेहतर बनाने वाला नवाचार बताया।
कार्यक्रम में “अनुभव” प्रणाली की उपयोगिता पर आधारित वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। सभी अतिथियों द्वारा विधिवत रिबन काटकर क्यूआर कोड का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने आमजन से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सदुपयोग करें, अपने वास्तविक अनुभव साझा करें और पुलिस व्यवस्था में सुधार के सहभागी बनें। उल्लेखनीय है कि आज से ही यह व्यवस्था बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के सभी थानों में लागू कर दी गई है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.