तुलसी में विद्युत विभाग ने मनाया छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव, लाभार्थियों व कर्मियों का हुआ सम्मान
CNI न्यूज से अजय नेताम की खबर
तिल्दा नेवरा = तिल्दा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुलसी में विद्युत विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य आयोजन सोमवार, दिनांक 02 फरवरी 2026 को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुँचाना एवं विभागीय कर्मचारियों तथा जागरूक उपभोक्ताओं को सम्मानित करना रहा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों के साथ-साथ विद्युत विभाग के उन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जो निरंतर ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण भाव के साथ अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विभागीय कार्यों की सराहना करते हुए कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तिल्दा जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत रायपुर की सभापति स्वाति सतीश वर्मा, जिला पंचायत सभापति शैल महेंद्र साहू, जनपद पंचायत सभापति नरसिंह वर्मा, जनपद सदस्य कुंजलाल वर्मा, जनपद सदस्य यशोदा वर्मा, जनपद सदस्य प्रतिनिधि आर.के. वर्मा, ग्राम पंचायत तुलसी के सरपंच गुलाब सिंह आडिल, ग्राम पंचायत ताराशिव के सरपंच मनीष वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
विद्युत विभाग की ओर से सहायक अभियंता जितेन्द्र कुमार गजेंद्र एवं कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार वर्मा (तुलसी) सहित तिल्दा उप संभाग एवं वितरण केंद्र के समस्त कर्मचारीगण तथा तुलसी ग्रामीण डीसी के सम्माननीय उपभोक्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, कृषक जीवन ज्योति योजना, पीएम कुसुम योजना, स्मार्ट मीटर योजना, आरडीएसएस योजना, एसटीएन योजना सहित अन्य विद्युत संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव एवं सुरक्षित बिजली उपयोग को लेकर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही नियमित रूप से विद्युत बिल का भुगतान करने वाले सम्माननीय उपभोक्ताओं को भी जनप्रतिनिधियों के करकमलों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहाँ शासन एवं विद्युत विभाग की योजनाओं की सराहना करते हुए ग्रामीणों ने आभार व्यक्त किया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.