जिले में eDAR/iRAD का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
ऑनलाइन ऐप से दुर्घटना विवरण दर्ज करने की दी गई जानकारी राहवीर योजना एवं हिट एंड रन मामलों के प्रावधानों से कराया गया अवगत
सारंगढ़–बिलाईगढ़।
सड़क दुर्घटनाओं की जांच प्रक्रिया को आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार 2 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में eDAR/iRAD से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं सेमिनार का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय, श्री अविनाश मिश्रा, एसडीपीओ श्रीमती स्नेहिल साहू एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती संतोषी ग्रेस की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं CCTNS प्रभारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान eDAR (Electronic Detailed Accident Report) पोर्टल के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।
eDAR पोर्टल सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं बीमा कंपनियां एक ही प्लेटफॉर्म पर आपस में जुड़कर कार्य करेंगी। इससे सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान संभव होगा तथा दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र न्याय एवं मुआवजा मिल सकेगा।
प्रशिक्षण eDAR के तकनीकी विशेषज्ञ श्री दुर्गा प्रसाद प्रधान (NIC) द्वारा दिया गया। उन्होंने बताया कि अब जांच अधिकारी दुर्घटना स्थल से ही मोबाइल ऐप के माध्यम से घटना का विवरण पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे, जिससे पीड़ितों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। साथ ही मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल (MACT) में मामलों का शीघ्र निपटारा संभव होगा और बीमा राशि समय पर पीड़ितों को प्राप्त हो सकेगी।
पोर्टल पर संकलित आंकड़ों के आधार पर दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की पहचान करना आसान होगा, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जा सकेगी।
इस अवसर पर राहवीर योजना एवं हिट एंड रन मामलों के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने वाले “राह-वीरों” को 25 हजार रुपये की नगद राशि एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर में सभी थाना प्रभारी एवं CCTNS प्रभारियों को पोर्टल पर लॉग-इन करने से लेकर अंतिम रिपोर्ट सबमिट करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.