वनस्पति शास्त्र परिषद का शैक्षणिक भ्रमण संपन्न, विद्यार्थियों ने लिया वैज्ञानिक व सांस्कृतिक ज्ञान
बिलाईगढ़। शासकीय शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय बिलाईगढ़ के वनस्पति शास्त्र परिषद द्वारा विद्यार्थियों को वैज्ञानिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक ज्ञान का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह भ्रमण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यू. के. मिश्र तथा विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष यू. एस. भारद्वाज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
भ्रमण में एम.एससी. वनस्पति शास्त्र द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के लगभग 30 छात्र-छात्राओं ने परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य के रूप में सहभागिता की। विद्यार्थियों ने रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र का अवलोकन करते हुए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोगों एवं वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही तारामंडल में अंतरिक्ष से संबंधित प्रदर्शनों का अवलोकन किया तथा एस्ट्रोनॉट 3-डी शो का अनुभव लिया, जिससे उन्हें खगोल विज्ञान से जुड़ी रोचक जानकारियां प्राप्त हुईं।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने नया रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का भ्रमण किया, जहां छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति एवं पुरातात्विक धरोहर से जुड़ी महत्वपूर्ण वस्तुओं का अवलोकन किया। इसके अलावा रायपुर के आदिवासी संग्रहालय में जनजातीय जीवन शैली, पारंपरिक वेशभूषा, कला एवं संस्कृति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष दीपक कुमार कुर्रे के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष लेविस कुमार, प्राणी शास्त्र विभागाध्यक्ष टीकाराम तथा नैना निराला, चिरंजीव और बेदीबाई जगत की उपस्थिति में विद्यार्थियों को विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
भ्रमण के दौरान मलेच्छ राम, नीलू राकेश, अमन राकेश, हरिशंकर, ज्योति साहू सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.