विश्व जल दिवस पर कवर्धा में जनजागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
जल संरक्षण का लिया गया संकल्प
कवर्धा, 23 मार्च 2026। विश्व जल दिवस के अवसर पर पीजी कॉलेज, कवर्धा डोम में जल जीवन मिशन अंतर्गत भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष कबीरधाम श्री ईश्वरी साहू उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सभापति जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री लोकचंद साहू, श्री मिलु साहू, श्री नरेंद्र मानिकपुरी, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड कबीरधाम श्री डी.एस. राजपूत तथा सहायक अभियंता श्री गोपाल प्रसाद ठाकुर सहित बड़ी संख्या में सरपंच एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिसमें जल के सदुपयोग, संरक्षण एवं अपव्यय रोकने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि श्री ईश्वरी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि जल जीवन का आधार है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह जल संरक्षण को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी समझे। अन्य वक्ताओं ने भी जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनभागीदारी को आवश्यक बताया। वक्ताओं ने कहा कि जल बचाने के लिए व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना अत्यंत जरूरी है। कार्यक्रम में शासन द्वारा संचालित जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने जल स्रोतों के संरक्षण, पाइपलाइन व्यवस्था के सही संचालन तथा जल के संतुलित उपयोग पर जोर दिया, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत आस्था कला मंच, कबीरधाम के कलाकारों ने जल संरक्षण पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर ‘हर घर जल’ प्रमाणित ग्राम पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित किया गया। विकासखंड बोड़ला के ग्राम पंचायत बोदा-03, कामाडाबरी, बोल्दाकला, बोरिया, अंधरीकछार एवं बरबसपुर के सरपंचों को जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं नागरिक उपस्थित रहे।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.