खरीफ सीजन से पहले अब तक जिले में 29 हजार मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडारण
कबीरधाम में खाद वितरण तेज, सहकारी समितियों से 16 हजार मीट्रिक टन से अधिक खाद वितरित
अनियमितता पर सख्ती: 2 खाद केंद्रों का लाइसेंस निलंबित, 31 को नोटिस जारी
किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने प्रशासन सतर्क, भंडारण और वितरण कार्य लगातार जारी, किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
कवर्धा, 30 मई 2026/कबीरधाम जिले में किसानों को खाद एवं बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने शासन-प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। जिले में खाद-बीज का नियमित भंडारण, वितरण एवं निगरानी कार्य सतत रूप से जारी है।
उप संचालक कृषि, जिला कबीरधाम से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के सहकारी क्षेत्र में अब तक कुल 29,186 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया जा चुका है। इसमें यूरिया 15,584 मीट्रिक टन, डीएपी 2,995 मीट्रिक टन, एमओपी 1,765 मीट्रिक टन, एसएसपी 4,320 मीट्रिक टन तथा एनपीके 4,520 मीट्रिक टन शामिल है। इसके अतिरिक्त डबल लॉक केंद्रों में भी 2,720 मीट्रिक टन खाद सुरक्षित रूप से उपलब्ध है।
किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से अब तक 16,188 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया जा चुका है। वहीं निजी क्षेत्र में 9,287 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है, जिसके विरुद्ध 6,522 मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है।
प्रशासन द्वारा खाद वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी भी की जा रही है। इसी क्रम में गठित उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के 128 विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 2 केंद्रों का लाइसेंस निलंबित किया गया तथा 31 कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। सभी विक्रय केंद्रों को निर्धारित मूल्य एवं उचित मात्रा में खाद विक्रय करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
वहीं जिले में 6,811 क्विंटल बीज वितरण के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 3,100 क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है तथा किसानों द्वारा 350 क्विंटल बीज का उठाव भी किया गया है। कृषि विभाग द्वारा लगातार भंडारण एवं वितरण कार्य की मॉनिटरिंग की जा रही है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.