ब्रेकिंग बचेली
लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
रिपोर्टर। असीम पाल दंतेवाड़ा
बचेली वार्ड क्रमांक 9 में पानी और सफाई की समस्या गहराई, वार्डवासी परेशान
दंतेवाड़ा जिले के बचेली नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में इन दिनों बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी देखने को मिल रही है। सबसे बड़ी समस्या पेयजल को लेकर सामने आ रही है, जहां वार्डवासी खासकर महिलाओं को रोजाना पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि उन्हें पानी भरने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है और कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता है। भीषण गर्मी के इस मौसम में हालात और भी गंभीर हो गए हैं।
सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि वार्ड में कचरा उठाने की व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है, लेकिन नगर पालिका द्वारा समय पर सफाई नहीं कराई जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
वार्ड के पार्षद का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका के अधिकारियों और सीएमओ को अवगत कराया है। हर बार आश्वासन तो मिला, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर कोई काम शुरू नहीं हुआ है।
वार्ड में एक पहाड़ी क्षेत्र भी शामिल है, जहां कई घर बसे हुए हैं। वहां पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन आज तक उसे चालू नहीं किया गया है। इसके अलावा उस इलाके में बिजली की भी समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान पार्षद ने बताया कि वे लगातार अधिकारियों से संपर्क में हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
वार्डवासियों ने जल्द से जल्द पानी, सफाई और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.