दंतेवाड़ा.छत्तीसगढ़
पहाड़ बचाओ यात्रा / आरती स्पंज व डिपॉजिट-4 विरोध
दंतेवाड़ा में आरती स्पंज कंपनी और डिपॉजिट-4 खदान परियोजना के विरोध में बस्तरिया राज मोर्चा ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। आलनार से शुरू हुई "पहाड़ बचाओ पदयात्रा" करीब 55 किलोमीटर की दूरी तय कर जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा पहुंची,
जहां हजारों आदिवासी ग्रामीणों ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने बैलाडीला क्षेत्र के पहाड़ों में प्रस्तावित खनन गतिविधियों का विरोध करते हुए जल, जंगल, जमीन और आदिवासी आस्था की रक्षा की मांग उठाई।
पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे बस्तरिया राज मोर्चा के संस्थापक मनीष कुंजाम ने आरोप लगाया कि आलनार क्षेत्र के तरलमेटा पहाड़ की लीज आरती स्पंज कंपनी को दी गई है, जबकि मौके पर न तो खदान तक पहुंचने का रास्ता है और न ही किसी प्रकार का खनन कार्य शुरू हुआ है।
इसके बावजूद कंपनी पिछले कई वर्षों से उत्पादन और परिवहन दर्शा रही है। उन्होंने इस मामले को गंभीर अनियमितता बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। साथ ही किरंदुल क्षेत्र की 13 नंबर पहाड़ी तथा भांसी की डिपॉजिट-4 खदान को लेकर भी सवाल उठाए।
ग्रामीणों का कहना है कि बैलाडीला के पहाड़ केवल खनिज संपदा नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आस्था और संस्कृति के केंद्र हैं। इन पहाड़ों में देवी-देवताओं का निवास माना जाता है और पीढ़ियों से यहां पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि उनकी सहमति के बिना किसी भी प्रकार का खनन कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा।
दंतेवाड़ा पहुंचने के बाद कलेक्टर कार्यालय के सामने आयोजित आमसभा में सामाजिक कार्यकर्ता सोनी सोढ़ी ने भी सरकार और कंपनियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बस्तर की खनिज संपदा को निजी कंपनियों के हवाले किया जा रहा है, जबकि क्षेत्र के लोगों को अब तक अपेक्षित विकास नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और पहाड़ों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा और आदिवासी समाज किसी भी कीमत पर अपनी पहचान और आस्था से जुड़े पहाड़ों को नहीं छोड़ेगा।
सभा को संबोधित करते हुए ग्रामीण प्रतिनिधियों ने भी खनन परियोजनाओं का विरोध जताया और कहा कि पहाड़ों के संरक्षण तथा आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
दंतेवाड़ा में पहाड़ बचाओ यात्रा के जरिए बस्तरिया राज मोर्चा ने आरती स्पंज, डिपॉजिट-4 और अन्य प्रस्तावित खनन परियोजनाओं के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया है। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की मांगों पर प्रशासन और सरकार क्या रुख अपनाती है।
सी एन आई न्यूज़ दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ से असीम पाल की रिपोर्ट।





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.