सोमनाथ के गौरवशाली इतिहास से रूबरू हुए छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु, लेजर शो ने किया मंत्रमुग्ध
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ शासन की सोमनाथ सांस्कृतिक तीर्थ यात्रा के अंतर्गत गुजरात पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ महादेव के दर्शन के साथ-साथ मंदिर परिसर में आयोजित भव्य लेजर शो का भी अवलोकन किया। आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रकाश प्रभावों से सुसज्जित इस प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, धार्मिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया।
लेजर शो में सोमनाथ मंदिर के प्राचीन वैभव, विदेशी आक्रांताओं द्वारा विभिन्न कालखंडों में किए गए विध्वंस तथा भारतीय समाज और शासकों द्वारा उसके पुनर्निर्माण की प्रेरणादायक गाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। शो के माध्यम से श्रद्धालुओं ने जाना कि सोमनाथ मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और अटूट आत्मविश्वास का प्रतीक है।
यात्रा में शामिल पद्मश्री सम्मानित लोक कलाकार उषा बारले ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वेरावल स्टेशन पहुंचते ही सभी 1008 तीर्थ यात्रियों का स्थानीय प्रशासन द्वारा गुजराती पारंपरिक वेशभूषा में आत्मीय स्वागत किया गया। प्रभास पाटन स्थित विभिन्न मंदिरों के दर्शन के बाद संध्या बेला में भगवान सोमनाथ के दर्शन और सामूहिक आरती का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जो जीवन भर याद रहने वाला अनुभव है। उन्होंने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
यात्रा में पद्मश्री राधेश्याम बारले, डोमार सिंह कंवर, सुप्रसिद्ध गायिका कविता वासनिक, मोना सेन, रजनी रजक, प्रभा यादव सहित अनेक कलाकार शामिल हैं। साथ ही संस्कृति विभाग के संचालक संजय कन्नौजे, अधिकारी युगल किशोर तिवारी, बलौदाबाजार के नोडल अधिकारी इंद्रदेव वर्मा तथा सिमगा क्षेत्र के परस पाटकर, सतीश जैन (सीटू), रामनाथ सोनी, मुरारीलाल साहू, जितराम विश्वकर्मा, चंद्रिका पटेल, कन्हैयालाल कौशिक, महेशराम वर्मा, राजेश थवाईत, केजू राम साहू, सुमन वर्मा, सुमन यादव, लक्ष्मणी साहू, चमेली बाई साहू, सालिकराम वर्मा, चंद्रराम वर्मा, लेखराम वर्मा, ओंकार साहू एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.