सरस्वती साइकिल योजना: औरेठी में 23 छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
सिमगा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत औरेठी में शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की 23 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा छात्राओं को साइकिल प्रदान कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य शासन की यह योजना ग्रामीण अंचल की छात्राओं के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रही है। इससे छात्राओं का समय बचेगा, विद्यालय तक पहुंचना आसान होगा और वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने परिवार, समाज एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने की अपील भी की।
विद्यालय के प्राचार्य रमाशंकर वर्मा ने शासन की इस जनहितकारी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत पात्र 23 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना से छात्राओं की शिक्षा के प्रति रुचि और विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सरपंच निशा नरेश साहू, उपसरपंच कृष्ण जयलाल वर्मा, शाला विकास समिति अध्यक्ष प्रहलाद साहू, उपाध्यक्ष अर्जुन साहू, पंच राकेश साहू, खिलेश्वरी साहू, कस्तूरबा घृतलहरे, बधेलाल साहू, लक्ष्मी यदु ,झाड़ूराम साहू, छम्मन यदु, दिनेश साहू, सुरुचि वर्मा, तेजराम वर्मा जनप्रतिनिधि दाऊराम यदु, डॉ. दिनेश कुमार उपाध्याय, भास्कर कुमार साहू, श्रीमती माधुरी बंसकार (व्याख्याता) सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.